IND vs PAK: ईशान किशन ने तोड़ा विराट कोहली का अहम वनडे रिकॉर्ड, इस खास क्लब में शामिल
India va Pakistan: ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले के दौरान अपने बल्ले का दम दिखा दिया। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए टीम इंडिया को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालकर अच्छी स्थिति में पहुंचाने का काम किया था।
किशन ने तबाही मोड में बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों में 82 रनों की शानदार पारी खेली और टीम इंडिया को 266 तक पहुंचाने में योगदान दिया। अपनी पारी के दौरान उन्होंने विराट कोहली का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह एक एलिट लिस्ट में शामिल हो गए।

वनडे में भारत के लिए पहली 17 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में ईशान किशन नम्बर दो की कुर्सी पर आ गए हैं। उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। उनसे आगे शुभमन गिल का नाम है। गिल के 778 रन हैं और किशन के नाम 776 रन हैं।
विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में अपनी पहली 17 पारियों में 757 रन बनाए थे। उनके अलावा श्रेयस अय्यर के नाम 750 रन हैं। किशन ने दोनों भारतीय बल्लेबाजों को पछाड़ दिया। अगर वह 3 रन और बना लेते तो, गिल को भी पीछे छोड़ टॉप स्थान हासिल कर लेते।
भारतीय टीम जब 4 विकेट पर 66 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी, उस समय किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को संकट से बाहर निकाला। किशन और हार्दिक पांड्या ने मिलकर टीम इंडिया को मजबूती प्रदान करते हुए पांचवें विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की।
भारतीय टीम 266 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद लगातार बारिश का खलल देखने को मिला। बारिश के कारण पाकिस्तानी टीम को खेलने का मौका नहीं मिला। अंत में मुकाबला रद्द करने की घोषणा कर दी गई। भारत और पाकिस्तान को 1-1 अंक बाँट दिया गया। नेपाल को हराने के बाद पाकिस्तान के 2 अंक थे और कुल 3 अंकों के साथ पाक टीम ने सुपर चार में जगह हासिल कर ली है।












Click it and Unblock the Notifications