कप्तानी के छोटे दौर में ही कोहली को पछाड़ गए रोहित, अब धोनी भी उनकी पहुंच से दूर नहीं
दुबई, 1 सितंबर: हांगकांग पर मिली जीत के बाद रोहित शर्मा भारत के दूसरे सबसे सफल T20 इंटरनेशनल कप्तान बन गए हैं। भारत ने एशिया कप 2022 में ग्रुप ए स्टेज के दूसरे मुकाबले में हांगकांग को मात देकर सुपर 4 स्टेज में जगह बना ली है। रोहित ने विराट कोहली द्वारा कप्तानी छोड़े जाने के बाद यह पद ग्रहण किया था। कोहली ने पिछले साल t20 विश्व कप में भारत की करारी हार के तुरंत बाद ही कप्तानी छोड़ दी थी। हालांकि कोहली इससे पहले ही घोषणा कर चुके थे कि अब वेट टी20 कप्तान नहीं रहेंगे।
Recommended Video

आंकड़े जमकर बोलते हैं
रोहित ने जब से भारतीय टीम की कमान संभाली तब से वह बहुत ही प्रभावशाली रहे हैं और मैदान पर उनके आंकड़े जमकर बोलते हैं। शर्मा का यह 37वां इंटरनेशनल टी20 मैच बतौर कप्तान था और उन्होंने 31 जीत दर्ज करके यह रिकॉर्ड बना दिया। विराट कोहली ने 50 T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारतीय कप्तान की भूमिका निभाई और वे 23 मुकाबले जीत पाए थे। इस लिस्ट में सबसे टॉपर सदाबहार महेंद्र सिंह धोनी है जिन्होंने 72 T20 इंटरनेशनल मैचों में 41 मुकाबले जीतने में कामयाबी हासिल की है।

धोनी का रिकॉर्ड भी आसानी से तोड़ देंगे
उम्मीद है कि रोहित शर्मा जल्द ही धोनी का रिकॉर्ड भी आसानी से तोड़ देंगे। भारत ने विराट कोहली सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक के दम पर 192 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में हांगकांग की टीम 152 रन बनाने में कामयाब रही। यह मैच भारत के टॉप ऑर्डर के लिए कुछ खास नहीं रहा क्योंकि रोहित केवल 21 रन बनाकर आउट हुए और केएल राहुल काफी खराब बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंद खेलकर भी 36 रन ही बना पाए। यह सूर्यकुमार यादव की 26 गेंदों में 68 रनों की धुआंधार पारी थी जिसने अंत में चमक बिखेरी और भारत को 40 रनों से मैच जिताने में कामयाबी हासिल की।

अभी दोनों को पुरानी निरंतरता हासिल करना बाकी
रोहित और कोहली अभी रनों के थोड़े सूखे दौर से गुजर रहे हैं जहां उनको अपनी पुरानी लय हासिल करने में थोड़ा समय लग रहा है। खासकर विराट कोहली अब बिल्कुल भी आक्रामक बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं लेकिन रोहित शर्मा आक्रमक हैं पर वह बहुत लंबी पारियां पहले की तरह नहीं खेल पा रहे हैं। भारतीय टीम धीरे-धीरे T20 विश्व कप की ओर आगे बढ़ रही है जहां पर आस्ट्रेलिया ने अपनी टीम भी घोषित कर दी है।

टीम अभी भी बेहतर कर सकती है- रोहित
ऐसे में टीम इंडिया चाहेगी कि यह दोनों अनुभवी बल्लेबाज अपने पुराने खोल में वापस आएं और विपक्षी गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन से चमत्कृत कर दें। रोहित शर्मा ने हाल ही में मिली जीत पर खुशी जताई। हालांकि उन्होंने कहा कि टीम अभी भी बेहतर कर सकती है क्योंकि तेज गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए हैं। यहां पर रोहित शर्मा का इशारा हर मैच में मौके पा रहे आवेश खान पर था जिन्होंने 4 ओवर में 53 रन देकर एक विकेट लिया। हर मुकाबले में आवेश खान को मिलते मौके किसी अजूबे से कम नहीं है लेकिन ऐसा लगता है कि वे भारत की टी20 वर्ल्ड कप टीम फिट होते जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications