Asia Cup: ब्लॉकबस्टर मुकाबलों का मंच तैयार, जानिए सुपर-4 स्टेज में कब किस टीम से भिड़ेगा भारत
दुबई, 2 सितंबर: एशिया कप में श्रीलंका द्वारा बांग्लादेश पर मिली जीत के बाद सुपर 4 स्टेज का शेड्यूल काफी हद तक क्लियर हो गया है। बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच ग्रुप B के में दूसरे मैच के दौरान एक जबरदस्त मुकाबला देखा गया जहां अंत में श्रीलंका विजेता के तौर पर उभरा। एक समय बांग्लादेश की टीम आसानी से सुपर-4 में प्रवेश करती हुई दिखाई दे रही थी लेकिन श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अंत में खेल का रुख पलट दिया।
बांग्लादेश ने बिना किसी बल्लेबाज के अर्धशतक के बावजूद 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 183 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने 19.2 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

बांग्लादेश की टीम एशिया कप से बाहर
श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस ने 37 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली और मध्यक्रम में कप्तान दासुन शनाका ने 33 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली। इन दोनों के आउट होने के बाद चामिका करुणारत्ने ने 10 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली और आसिथा फर्नांडो 3 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही बांग्लादेश की टीम एशिया कप से बाहर हो चुकी है और वह इस प्रतियोगिता से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है।
अब एशिया कप के सुपर सिक्स का सूरते हाल काफी हद तक साफ हो चुका है। तो आइए देखते हैं कि सुपर 4 स्टेज में भारतीय टीम का मुकाबला किस टीम से कब कब होने जा रहा है।

एक और ब्लॉकबस्टर मुकाबला कर रहा है इंतजार
सबसे पहले तो ग्रुप बी से अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीम सुपर चार में जा चुकी हैं। ग्रुप ए से आज 2 सितंबर को पाकिस्तान की टीम शारजाह मैं हांगकांग से भिड़ने जा रही है जो एशिया कप के ग्रुप चरण का अंतिम मुकाबला होगा। यहां पर पाकिस्तान द्वारा एक जीत दर्ज करने की पूरी उम्मीद है जिसके चलते पाकिस्तान के सुपर 4 में पहुंचने के प्रबल आसार हैं।
ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान का एक और ब्लॉकबस्टर मुकाबला सभी क्रिकेट प्रशंसकों का इंतजार कर रहा है। क्योंकि भारतीय टीम को पाकिस्तान और हांगकांग के मैच के विजेता से रविवार 4 सितंबर को दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलना है।

कब किस टीम से भिड़ेगा भारत
इसके बाद भारत का अगला मुकाबला 6 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ होगा जो दुबई के ही इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह दो बड़े मैच खेलने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार 8 सितंबर को अफगानिस्तान के साथ खेलने उतरेगी।
एशिया कप प्रतियोगिता का फाइनल 11 सितंबर को दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यहां क्रिकेट फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच एक मुकाबला और देखने को मिल सकता है।
यानी कुल मिलाकर एशिया कप में 3 रविवार को लगातार तीन बार ही भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के खिलाफ खेलने की प्रबल संभावनाएं रखते हैं।

प्रतियोगिता में बेहतर दिखाई दे रही है टीम इंडिया
भारतीय क्रिकेट टीम इस प्रतियोगिता में बेहतर दिखाई दे रही है। विराट कोहली ने दोनों मैचों में योगदान दिया है, सूर्यकुमार यादव हमेशा की तरह बहुत अच्छी लय में है। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अलग ही लेवल पर खेल रहे हैं। रविंद्र जडेजा ने अच्छा काम किया है। दिनेश कार्तिक को अधिक मौके नहीं मिले लेकिन अनुभवी भुवनेश्वर कुमार काफी अच्छे रहे हैं। अर्शदीप सिंह ठीक-ठाक रहे हैं, चहल अच्छे रहे हैं, आवेश खान को लगातार मौके मिल रहे हैं।
इसके अलावा भारतीय टीम कप्तान रोहित शर्मा से और रन देखना चाहेगी और यही कुछ अपेक्षाएं उपकप्तान केएल राहुल से भी होंगी।












Click it and Unblock the Notifications