कहां गई 150kph की स्पीड? वो स्विंग बॉलर कहां गया, डीके भी गायब हैं? हरभजन ने दागे तीखे सवाल
दुबई, 7 सितंबर: श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट टीम प्रबंधन की सोच पर सवाल उठने लाजमी है क्योंकि यह एशिया कप में लगातार दूसरी हार है और इसने भारत के फाइनल में पहुंचने के चांस पर भी विराम लगा दिया है। भारतीय टीम श्रीलंका और पाकिस्तान से हारने के बाद अब केवल अफगानिस्तान से ही जीतने की सोच सकती है और यह टी20 विश्व कप की तैयारी कर रहे एक बड़े दल के लिए अच्छी बात नहीं है।

प्लेइंग इलेवन में प्रयोग करने का ढुलमुल रवैया
राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा ने बीसीसीआई के साथ मिलकर क्रिकेट खिलाड़ियों का इतना बड़ा पुल बना लिया है कि अब ठीक-ठाक प्लेइंग इलेवन चुनना अपने आप में बहुत बड़ी पहेली है। आप जिसको भी बाहर करेंगे उस पर सवाल उठाया जाएगा क्योंकि सभी काबिल नजर आते हैं ऐसे में टीम को अपने बेस्ट 15 खिलाड़ी चुनने की रणनीति पर सख्ती से काम करना चाहिए था लेकिन प्लेइंग इलेवन में प्रयोग करने का ढुलमुल रवैया जारी रहा और इसने अभी तक भारत के बेस्ट 11 खिलाड़ियों को उजागर नहीं किया है।

हरभजन ने दागे तीखे सवाल
समस्या यह है कि जो पुराने धुरंधर हैं वे भी उम्र के साथ ढलने लगे हैं और कुछ युवा खिलाड़ी भरपूर मौके ना मिलने के चलते बाहर बैठे हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी सवाल किया है कि उमरान मलिक, दीपक चाहर और दिनेश कार्तिक जैसे खिलाड़ी आखिरकार मौके क्यों नहीं हासिल कर पा रहे हैं? हरभजन सिंह ने यह सवाल श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद उठाया है। भारत ने दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को खिलाया था और उसके पीछे उनके बाएं हाथ के बल्लेबाज होने का बेतुका तर्क भी दिया था।

ट्वीट करते हुए सवाल उठाए
यह ठीक है कि कप्तान रोहित शर्मा ने ओपनिंग में आकर 41 गेंदों में 72 रन की पारी खेली लेकिन केएल राहुल और विराट कोहली अभी अपनी फॉर्म से बाहर नजर आ रहे हैं। भारत ने 20 ओवर में 173 रन बनाए लेकिन दूसरी बार वे लक्ष्य का बचाव करने में सफल नहीं रहे।
हरभजन सिंह ने ट्वीट करते हुए सवाल उठाए। वे पूछते हैं- 150 किलोमीटर की रफ्तार से गेंदबाजी फेंकने वाले उमरान मलिक कहां है? टॉप क्वालिटी की स्विंग बॉलिंग करने वाले दीपक चाहर को जगह क्यों नहीं मिली है? कोई मुझे बताएं कि यह खिलाड़ी मौके पाने के हकदार नहीं है? क्यों दिनेश कार्तिक को निरंतरता के साथ मौके नहीं मिलते हैं? यह सब निराशाजनक है।

अकेले भज्जी के नहीं है ये सवाल
हरभजन सिंह द्वारा पूछे गए सवाल असल में देश के कई क्रिकेट फैंस भी पूछ रहे हैं। भारतीय टीम अगर ऐसे ही आग से खेलने वाले प्रयोग करती रही तो केवल कप्तान और कोच के चेहरे पर ही मुस्कान दिखाई देगी क्योंकि बाकी क्रिकेट पंडित और फैंस हताशा में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में निरंतरता हासिल करने के दिनों की प्रतीक्षा ही करते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications