Asia Cup 2022: कोहली के बयान पर भड़के Sunny Sir पूछा-'किसके फोन का इंतजार कर रहे थे विराट,जरा नाम तो बताएं'
Asia Cup 2022: एशिया कप सीरीज में टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पुरानी रंगत में नजर आ रहे हैं, इस टूर्नामेंट से पहले अपने खराब फार्म की वजह से दिग्गजों के निशाने पर आए कोहली ने रविवार रात को इंडिया-पाकिस्तान के मैच के बाद प्रेस वार्ता में अपने मुश्किल वक्त के बारे में जिक्र करते हुए टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की खुलकर तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि 'मैंने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ी थी तो केवल महेंद्र सिंह धोनी का फोन मेरे पास आया था, मैं इसके लिए उनका शुक्रगुजार हूं।'

गावस्कर ने कहा-'कोहली क्या संदेश चाहते थे?
कोहली के इस बयान के बाद भारत के क्लासिक बैटसमैन और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि 'विराट कोहली को उस खिलाड़ी का नाम बताना चाहिए जिससे वह टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद फोन करने की उम्मीद कर रहे थे।'
वो चैप्टर तो क्लोज हो चुका था'
गावस्कर ने Sports Tak से बात करते हुए पूछा कि ' आखिर कोहली क्या संदेश देना चाहते थे? प्रोत्साहन? लेकिन वह कप्तानी छोड़ चुके थे तो उन्हें प्रोत्साहन की आवश्यकता क्यों थी? वो चैप्टर तो क्लोज हो चुका था।'

'किसके फोन का इंतजार कर रहे थे विराट'
यही नहीं 'सनी सर' के नाम से लोकप्रिय गावस्कर ने उल्टा कोहली से सवाल किया कि 'जरा वो ये भी बता दें कि वह किस तरह के मैसेज का और किसके मैसेज का इंतजार कर रहे थे।' आपको बता दें कि कोहली ने अपने बयान में कहा था कि 'टीवी पर तो बहुत लोग सुझाव देते हैं लेकिन फोन किसी ने नहीं किया।'

'पब्लिकली सुझाव ना तो दिए जाते हैं और ना ही माने जाते हैं'
उन्होंने कहा था कि 'किसी को मुझे सलाह देनी हो तो वह मुझे खुद बोलेगा और मुझे लगेगा वह मेरे काम आ सकती है तो मैं उस पर अमल भी करुंगा लेकिन पब्लिकली सुझाव ना तो दिए जाते हैं और ना ही माने जाते हैं।'

कोहली किस पर निशाना साध रहे थे?
अब कोहली किस पर निशाना साध रहे थे ये तो वो ही जाने, जहां टीवी पर सुझाव देने की बात है तो गावस्कर समेत क्रिकेट के कई दिग्गज टीवी चैनलों पर एक्सपर्ट की भूमिका में नजर आते हैं, जहां पर वो खेल और खिलाड़ियों के बारे में सुझाव और आलोचना करते ही रहते हैं।

'नामों का खुलासा करें कोहली'
गावस्कर के इस सवाल के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अब कोहली से सवाल कर रहे हैं कि क्या उनका इशारा गावस्कर की ओर था? क्या वो अपने पुराने साथियों की बात कर रहे थे, जो अब क्रिकेट छोड़ चुके हैं? या फिर वो अब उन नामों का खुलासा करें, जिनके फोन का इंतजार उन्हें था।












Click it and Unblock the Notifications