इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में चोटिल हुए शाहीन अफरीदी तो आशीष नेहरा ने दिया साथ, कही बड़ी बात
Ashish Nehra Shaheen Afridi: इंग्लैंड के खिलाफ विश्वकप के फाइनल मुकाबले में जिस तरह से अहम मौके पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी चोटिल हुए उसके बाद मैच का रुख पूरी तरह से पलट गया। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान अभी भी इस मैच में है। शाहीन अफरीदी के दो ओवर बचे थे और वह जबरदस्त फॉर्म में थे, उन्होंने सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स को क्लीन बोल्ड करके 1 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया था। उनकी गेंद पर शॉट खेलना भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल हो रहा था। शाहीन अफरीदी ने 2.1 ओवर में सिर्फ 13 रन दिए थे और एक विकेट अपने नाम किया था।


16वें ओवर में पलट गया मैच
लेकिन जब 16वां ओवर करने के लिए शाहीन अफरीदी मैदान पर आए तो एक गेंद डालने के बाद वह लड़खड़ाने लगे और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। शाहीन की बची हुई 5 गेंदों को इफ्तिखार अहमद ने डाला और 13 रन दे दिए। जिसके बाद इंग्लैंड की टीम ने मैच में पूरी तरह से वापसी कर ली। लेकिन कप्तान बाबर आजम के फैसले की लोग तारीफ कर रहे हैं कि शाहीन अफरीदी पर ज्यादा दबाव नहीं डाला गया और उन्हें आराम करने के लिए भेज दिया गया। इस बीच भारत के पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने शाहीन अफरीदी का समर्थन किया है।

प्रमुख गेंदबाज के जाने से पलट जाता है मैच
आशीष नेहरा ने कहा कि मुकाबला पूरी तरह से 50-50 था पर जैसे ही शाहीन अफरीदी चोटिल हुए उसके बाद मैच पूरी तरह से पलट गया। जिस वक्त शाहीन अफरीदी चोटिल हुए उस वक्त उनकी 11 गेंदें बाकी थी, उसके बाद मैच किस तरह से खुल गया, यह आपके सामने है। यह इस बात को दर्शाता है कि जब आपका प्रमुख गेंदबाज चोटिल होता है और खासतौर पर शाहीन जिस तरह की फॉर्म में थे उनके जाने से मैच किस तरह से पलट जाता है। जब वह बाहर गए तो पाकिस्तान मैच से बाहर चला गया था।

चाहकर भी नहीं कर सकते गेंदबाजी
आशीष नेहरा ने कहा कि कई बार लोग कहते हैं कि विश्वकप का मैच था, फंसा हुआ ऐसे समय में आप बीच में छोड़कर चले गए। लेकिन कभी-कभार चोट ऐसी होती है कि गेंदबाज चाहकर भी कर नहीं पाते हैं। मैं तो कहूंगा कि यहां पर समझदारी दिखाई कि शाहीन को वापस भेजा गया। लेकिन जिस तरह से पाकिस्तान ने गेंदबाजी की उन्होंने यह करके दिखाया कि उनकी गेंदबाजी में कितनी ताकत है। आशीष नेहरा ने कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाज आउट होकर नहीं गए, बल्कि पाकिस्तान की अच्छी गेंदबाजी ने उन्हें आउट किया।












Click it and Unblock the Notifications