एक शख्स ने अर्शदीप सिंह को दी गाली, टीम इंडिया के डाई हार्ड फैन ने सरेआम लगाई क्लास - VIDEO
नई दिल्ली, 7 सितंबर: एशिया कप सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ 18वें ओवर में आसिफ अली का कैच छोड़ना अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) को बहुत महंगा पड़ा। सोशल मीडिया पर युवा खिलाड़ी का जमकर मजाक उड़ाया गया। कुछ नासमझ फैंस ने तो अर्शदीप के विकिपीडिया पेज के साथ भी छेड़खानी करते हुए उन्हें 'खालिस्तानी' तक घोषित कर दिया। अब एक और वीडियो सामने आ रहा, जिसमें एक फैन अर्शदीप को गाली देता हुआ नजर आ रहा है।

अर्शदीप के साथ हुआ बुरा बर्ताव
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक फैन को अर्शदीप सिंह के साथ बुरा बर्ताव करते देखा जा सकता है। दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद अर्शदीप जैसे ही स्टेडियम से निकलकर होटल रवाना होने के लिए टीम बस की ओर जा रहे थे, तभी एक फैन ने उनको देखकर बोला, ''सरदार कैच छूटते रहते है या तूने जानबूझकर कैच छोड़ा।'' ये सिरफिरा फैन यही नहीं रूका और कुछ ना कुछ उलटा-सीधा बोलता ही रहा।

भारतीय पत्रकार ने लगाई क्लास
सिरफिरे फैन के अर्शदीप को बुरा भला कहने के बाद टीम इंडिया के डाई हार्ड फैन और जाने-माने स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट विमल कुमार उसकी जमकर क्लास लगाई। विमल ने बड़े ही गुस्से में पूछा, ''तुमने अर्शदीप को ऐसा क्यों बोला.. वो इंडिया का क्रिकेटर है। तुमने ऐसा क्यों बोला। क्या ऐसे बात करते हैं प्लेयर से।'' विमल काफी गुस्से में नजर आए और स्टेडियम के बाहर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड से भी उस शख्स की शिकायत की।

वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर ये वीडियो आग की तरफ फैल रहा है। विमल कुमार ने जिस तरह से इस नासमझ फैन को सरेआम फटकार लगाई, वह भी फैंस को खासा पसंद आ रहा है। वाकई में पूरा देश अर्शदीप के साथ खड़ा है, लेकिन हमारे ही समाज के कुछ असमाजिक तत्व किसी भी तरह की बेशर्मी की हद पार करने में वक्त नहीं लगाते।
Arshdeep Singh is abused after the match.#arshdeepsingh #INDvSL #RohitSharma #ViratKohli #INDvsSL #RishabhPant pic.twitter.com/HLxRoLds0h
— Cricket Videos🏏 (@Crickket__Video) September 7, 2022

18वें ओवर में छूटा था कैच
आखिरी 3 ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 34 रन बनाने थे। 18वां ओवर कप्तान रोहित शर्मा ने रवि बिश्नोई को सौंपा। बिश्नोई ने इससे पहले कमाल की गेंदबाजी की थी और ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने फिर विकेट का मौका बनाया। स्ट्राइक पर आसिफ अली थे.. आसिफ ने स्लॉग स्वीप किया और गेंद शॉर्ट थर्डमैन के फील्डर के पास गई, जहां अर्शदीप सिंह खड़े थे। कैच देखने को बहुत ही आसान लग रहा था, लेकिन अर्शदीप दबाव में गेंद को नहीं पकड़ पाए।

भज्जी ने भी किया था सपोर्ट
भज्जी ने भी युवा तेज गेंदबाज की आलोचना करने वाले फैंस की जमकर क्लास लगाई थी। हरभजन ने ट्वीट कर लिखा- ''युवा अर्शदीप की आलोचना करना बंद करें। कोई जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता। हमें अपने लड़कों पर गर्व है। पाकिस्तान ने बेहतर खेला। ऐसे लोगों पर शर्म आती है जो इस प्लेटफॉर्म पर सस्ती बातें कहकर हमारे ही लोगों को नीचा दिखाते हैं। अर्श गोल्ड की तरह है। युवाओं का आलोचना करना बंद करें।''












Click it and Unblock the Notifications