World Cup 2023: वर्ल्ड कप में नजर नहीं आएंगे ये पांच धाकड़ खिलाड़ी, चोटिल होने के बाद टूटा सपना
World Cup 2023, ruled out player list: वर्ल्ड कप शुरू होने में अब ज्यादा दिन का समय नहीं रह गया है। भारत में होने वाले इस वनडे वर्ल्ड कप में दुनियाभर की कुल 10 टीमें हिस्सा लेने वाली है। वर्ल्ड कप में शामिल होने के लिए टीमों ने भारत आना शुरू भी कर दिया है। वर्ल्ड कप से पहले हर टीम को 2 प्रैक्टिस मैच खेलने का मौका मिलेगा। वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल होकर कुछ खिलाड़ी टीम से बाहर भी हो चुके हैं।
एर्निक नॉर्खिया: साउथ अफ्रीकी टीम क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप से पहले बुरी खबर मिली है। टीम के तेज गेंदबाज एर्निक नॉर्खिया वर्ल्ड कप शुरू होने से ठीक पहले चोटिल हो गए हैं। पिछले कुछ समय से एर्निक नॉर्खिया लोअर बैक इंजरी से जूझ रहे हैं। वह अब तक पूरी तरह से फिट नहीं हो सके हैं। लिहाजा वह वर्ल्ड कप के लिए साउथ अफ्रीका टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

वनिंदु हसरंगा: श्रीलंका टीम के स्टार ऑलराउंडर वनिंदु हसरंगा भी वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। लंका प्रीमियर लीग के दौरान हसरंगा को चोट लगी थी। चोट के चलते ही वह एशिया कप 2023 में भी नहीं खेले थे। उम्मीद की जा रही थी कि वह वर्ल्ड कप तक टीम में वापसी कर लेंगे। लेकिन अब ऐसा होता नहीं दिख रहा, वह पूरे वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं।
माइकल ब्रेसवेल: न्यूज़ीलैंड की टीम को वनडे वर्ल्ड कप से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल अभी तक अपने चोट से पूरी तरह से उभर नहीं पाए हैं। ब्रेसवेल न्यूज़ीलैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलते हैं। उन्होंने अब तक 8 टेस्ट, 19 वनडे और 16 टी-20 मैच खेले हैं। ऐसे में उनकी गैर-मौजूदगी में टीम को बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
नसीम शाह: पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज नसीम शाह भी भारत में होने वाले वर्ल्ड कप से बाहर हो चुके हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो वेबसाइट की एक रिपोर्ट के मुताबिक नसीम शाह एक साल तक क्रिकेट खेलते नजर नहीं आ सकेंगे। पाकिस्तान की टीम ने वर्ल्ड कप के लिए नसीम शाह की जगह हसन अली को टीम में शामिल किया है।
जोफ्रा आर्चर: जोफ्रा आर्चर लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। वर्ल्ड कप में उनकी वापसी की संभावनाएं जताई जा रही थी। इंग्लैंड ने वर्ल्ड कप टीम में जोफ्रा आर्चर को रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना है। ऐसे में उनका भी वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल ही दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications