'केन्या से हार जाओ लेकिन...,' एशिया कप से पहले IND vs PAK मैच को लेकर अनिल कुंबले ने दिया बड़ा बयान
Asia cup 2023: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाला प्रत्येक मुकाबला काफी रोमांचक होता है, यही कारण है कि फैंस को दोनों टीमों के बीच खेले जाने वाले मैच का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस साल पहले एशिया कप और फिर आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले होने हैं।
इस बीच अनिल कुंबले ने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरअसल, कुंबले ने अपने समय को याद करते हुए बताया कि, जब भी दोनों पड़ोसियों (भारत-पाकिस्तान) के बीच भिड़ंत होती थी तो खिलाड़ियों पर भारी दबाव और उम्मीदें होती थीं। उन्होंने कहा कि, हमारे समय में यह शब्द था कि 'केन्या से हार जाओ लेकिन पाकिस्तान से नहीं।'

कुंबले ने अनुभवी क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेटिव अमृत माथुर द्वारा लिखे गए संस्मरण पिचसाइड के लॉन्च के दौरान बोलते हुए कहा कि उस समय 'खिलाड़ियों पर दबाव और अपेक्षाएं थीं।' उन्होंने कहा कि 'इसी तरह भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेले जा रहे हैं और मुख्य बात यह है कि इसे सिर्फ एक अन्य मैच के रूप में लिया जाए।'
दरअसल, कुंबले ने टेस्ट करियर में सबसे प्रतिष्ठित प्रदर्शनों में से एक का प्रदर्शन किया जब उन्होंने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में सभी 10 विकेट लिए। कुंबले ने कहा कि, 'मैं 10 विकेट लेने के बारे में सोचकर मैदान पर नहीं गया था, हालांकि यह किसी भी गेंदबाज का सपना होता है।'
हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि, पाकिस्तान के खिलाफ अगले टेस्ट मैच के दौरान कोलकाता में एशियन टेस्ट चैंपियनशिप में उन्हें एक विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। ईडन गार्डन्स में खेले गए अगले गेम में कुंबले ने 139 रन देकर 1 विकेट लिया और पाकिस्तान 46 रनों से जीत गया।
दरअसल, जब माथुर एडमिनिस्ट्रेटिव थे उन्होंने बताया कि 2004 में जब भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया था, तब टीम इंडिया को कड़ी सुरक्षा प्रदान की गई थी।
माथुर ने कहा कि, 'पाकिस्तान हमें किसी भी मात्रा में सुरक्षा देने के लिए तैयार था। हमारी टीम बस के आगे और पीछे पुलिस वाहन थे, टीम बस के ऊपर एक हेलीकॉप्टर, सभी प्रमुख सड़क बिंदुओं पर रैपिड एक्शन फोर्स और स्टेडियम के रास्ते में इमारतों के टॉप पर स्नाइपर्स थे, खासकर कराची में।'
उन्होंने आगे कहा, 'एक समय तो खिलाड़ियों को भी लग रहा था कि हमें इतनी सुरक्षा की जरूरत क्यों है, लेकिन कुल मिलाकर दौरा अच्छा रहा।'












Click it and Unblock the Notifications