2019 विश्व कप में टीम इंडिया से हुई बड़ी भूल, अंबाती रायुडू को लेकर चयनकर्ताओं पर बरसे अनिल कुंबले
पूर्व दिग्गज अनिल कुंबले का मानना है कि रायुडू को इंग्लैंड में होने वाले 2019 वनडे विश्व कप के लिए टीम में होना चाहिए था। कुंबले ने यह भी स्वीकार किया कि रायुडू को टीम में नहीं चुनकर चयनकर्ताओं ने बहुत बड़ी गलती की।

IPL 2023: चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2023 का खिताब जिताने में अनुभवी बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ने महज 8 गेंदों पर 19 रनों का अहम योगदान दिया। रायुडू ने अपनी पारी में 1 चौका और 2 छक्के जड़े। हालांकि, जीटी के खिलाफ फाइनल से पहले ही उन्होंने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया था। इस बीच भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने रायुडू को लेकर बड़ा बयान दिया है।
रायुडू को टीम में नहीं चुनकर चयनकर्ताओं ने गलती की
भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले का मानना है कि रायुडू को इंग्लैंड में होने वाले 2019 वनडे विश्व कप के लिए टीम में होना चाहिए था। कुंबले ने यह भी स्वीकार किया कि रायुडू को टीम में नहीं चुनकर चयनकर्ताओं ने बहुत बड़ी गलती की।
टीम से नाम गायब होने पर जताई नाराजगी
सीएसके बनाम जीटी फाइनल के बाद कुंबले ने जिओ सिनेमा पर बातचीत करते हुए कहा कि, 'रायुडू को 2019 विश्व कप खेलना चाहिए था। हां, इसमें कोई शक नहीं है। यह बहुत बड़ी गलती थी। आपने उन्हें इस भूमिका के लिए इतने लंबे समय तक तैयार किया और उनका नाम टीम से गायब हो गया, जोकि एक बड़ी आश्चर्यजनक बात थी।'
दरअसल, 38 साल के अंबाती रायुडू ने अपने आईपीएल करियर में कुल 204 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 28.31 की औसत से 4348 रन बनाए हैं। रायुडू ने अपने आईपीएल करियर में कुल 1 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं। उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन है।
रायुडू, साल 2018 में एशिया कप के दौरान भारत के प्रमुख रन-स्कोरर थे। इसके बाद उन्हें 2019 एकदिवसीय विश्व कप के लिए टीम से बाहर कर दिया गया था। चयनकर्ताओं द्वारा नजरअंदाज किए जाने के बाद, रायडू ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने एक जल्द यू-टर्न लिया और वापस आ गए।
आईपीएल 2023 के फाइनल से पहले रायुडू ने कहा कि सीएसके और जीटी के बीच टूर्नामेंट में उनका आखिरी मैच होगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार कोई यू-टर्न नहीं होगा। आईपीएल 2023 के दौरान उन्होंने छठीं बार आईपीएल की ट्रॉफी उठाई है।












Click it and Unblock the Notifications