World Cup 2023: इस दिग्गज को रास नहीं आई बांग्लादेश की ये हरकत, टीम का साथ छोड़ने का लिया फैसला
Bangladesh cricket team: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में बांग्लादेश का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है। बांग्लादेश का पहले टूर्नामेंट से बाहर होना और उसके बाद एक मैच में श्रीलंका के खिलाफ टाइम आउट विवाद ने उनकी बची कुची छवि को और धूमिल कर दिया है, जिससे बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन विवादों में आ गए। इस मुद्दे के बीच बांग्लादेश के तेज गेंदबाजी कोच एलन डोनाल्ड ने टीम का साथ छोड़ने का मन बना लिया है।
कथित तौर पर आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 अभियान समाप्त होने के बाद एलन डोनाल्ड बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाएंगे। बांग्लादेश विश्व कप सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है और शनिवार को अपना अंतिम लीग मैच ऑस्ट्रेलिया से खेलेगा।

क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ने एक मीटिंग के दौरान टीम को अपने पद छोड़ने के फैसले की जानकारी दी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक शीर्ष अधिकारी के हवाले से कहा गया कि, 'हां, उन्होंने (डोनाल्ड) टीम मीटिंग के दौरान हमें सूचित किया कि वह इस विश्व कप के बाद हमारे साथ नहीं रहेंगे।'
दरअसल, डोनाल्ड को पिछले साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के लिए बीसीबी ने अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद उनके कॉन्ट्रैक्ट को भारत में वनडे विश्व कप 2023 तक बढ़ा दिया गया था। बांग्लादेश के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होने के बावजूद एंजेलो मैथ्यूज की टाइम आउट बर्खास्तगी पर उनकी टिप्पणियों के बाद बीसीबी ने कथित तौर पर डोनाल्ड से स्पष्टीकरण मांगा था, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया है।
महान तेज गेंदबाज ने इस घटना (टाइम आउट) की आलोचना करते हुए इसे निराशाजनक बताया। ईएसपीएनक्रिकिनो ने बीसीबी के एक अधिकारी के हवाले से कहा कि, 'वह बाद में अपने निजी विचार दे सकते थे।' 'वह टीम मैनेजमेंट का हिस्सा हैं, इसलिए जब टीम कोई निर्णय लेती है, तो इसके बारे में सार्वजनिक रूप से बोलना आचार संहिता का उल्लंघन है। वह इस बारे में टीम के भीतर बात कर सकते थे या सीधे खिलाड़ी से बात कर सकते थे।' वह बीसीबी को सूचित कर सकते थे, लेकिन सार्वजनिक रूप से ऐसा नहीं कर सके।'
क्रिकबज ने डोनाल्ड के हवाले से कहा का कि, 'अगर वे (BCB) स्पष्टीकरण मांगते हैं तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है। जहां तक मेरा सवाल है, स्पष्टीकरण आज खबरों में था!'
विश्व कप में बांग्लादेश का अभियान खराब रहा है और वह अपने आठ मैचों में से सिर्फ दो मैच जीत सका है। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत अफगानिस्तान पर प्रभावशाली जीत के साथ की लेकिन लगातार छह हार के बाद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।












Click it and Unblock the Notifications