'क्या फालतू बैटिंग की ना हमने', मैच के बाद छलका KKR के कप्तान का दर्द, खुद को ही कोसते नजर आए अजिंक्य रहाणे
IPL 2025 का एक और रोमांचक मुकाबला, जिसमें पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच भिड़ंत हुई। ये मैच न केवल खिलाड़ियों के संघर्ष से भरा था, बल्कि मैच के बाद दोनों टीमों के कप्तानों के बीच हुई एक दिलचस्प बातचीत भी सुर्खियों में आ गई।
इस मैच ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी को झकझोर दिया, जबकि श्रेयस अय्यर ने पंजाब की ऐतिहासिक जीत के बाद अपना उत्साह पूरी तरह से व्यक्त किया।

KKR की हार और रहाणे का अफसोस
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 112 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने कप्तान अजिंक्य रहाणे के गलत फैसले का खामियाजा भुगतना पड़ा। 7.3 ओवर में KKR का स्कोर 62/3 था और मैच हाथ में था, लेकिन रहाणे का विकेट गिरते ही खेल का रुख बदल गया।
युजवेंद्र चहल की एक गुगली ने रहाणे को LBW आउट किया और उन्होंने बिना रिव्यू लिए आउट होने का फैसला किया, जो बाद में गलत साबित हुआ। रिप्ले में दिखा कि गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थी और रहाणे बच सकते थे। इस फैसले ने KKR के बाकी बल्लेबाजों को भी डुबो दिया और टीम सिर्फ 95 रनों पर सिमट गई।
रहाणे और अय्यर के बीच दिलचस्प बातचीत
मैच के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी पोस्ट-मैच हैंडशेक के लिए लाइन में खड़े हुए, तो रहाणे ने अय्यर से मुस्कुराते हुए कहा कि, 'क्या फालतू बैटिंग करी हमने,' उन्होंने इस बात को मुंबईया भाषा में कहा, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। रहाणे के इस बयान ने उनके जज्बातों को साफ तौर पर व्यक्त किया और फैंस ने उनकी ईमानदारी की सराहना की।
रहाणे का पोस्ट-मैच बयान
मैच के बाद निराश रहाणे ने कहा कि, 'कुछ कहने की जरूरत नहीं, हम सभी ने जो हुआ, वो देखा। मैं अपनी गलती मानता हूं, गलत शॉट खेला, हालांकि गेंद मिस हो रही थी। मैं और अंगकृष रघुवंशी (अपने साथी) असमंजस में थे कि यह आउट हो सकता है, लेकिन हमने रिव्यू नहीं लिया।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'हमारी बैटिंग बहुत खराब रही, हम सब जिम्मेदारी लेते हैं। गेंदबाजों ने बहुत अच्छा किया और पंजाब की मजबूत बल्लेबाजी को 111 रन पर रोक लिया। लेकिन बल्लेबाजी में हमें खुद को और बेहतर साबित करना होगा। अभी टूर्नामेंट के आधे मुकाबले बाकी हैं, हमें इस हार से सीखने की जरूरत है और आगे बढ़ना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications