IPL 2022 में लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए कोहली, आउट होने के बाद चेहरे पर दिखी उदासी
मुंबई, अप्रैल 23। आईपीएल 2022 में विराट कोहली का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है। 8 मैच के बाद भी विराट का बल्ला पूरी तरह से शांत है। शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ विराट कोहली एकबार फिर गोल्डन डक का शिकार हो गए। यह इस सीजन में लगातार दूसरी बार है जब विराट ने पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया है। इससे पिछले मैच में भी विराट कोहली पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।

कोहली को इस अफ्रीकी युवा तेज गेंदबाज ने भेजा पवेलियन
हैदराबाद के खिलाफ विराट कोहली को दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज मार्को जेनसेन ने पहली ही गेंद पर पवेलियन भेजने का काम किया। कोहली से पहले जेनसेन ने आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को बोल्ड किया था। अपने इस ओवर में जेनसेन ने तीन विकेट हासिल किए। कोहली और फाफ के अलावा जेनसेन ने अपने इस ओवर में अनुज रावत को भी आउट किया।

गर्दन झुकाकर पवेलियन लौटे कोहली
इस सीजन में लगातार दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार होने का दुख विराट कोहले के चेहरे पर साफ नजर आया। पहली ही गेंद पर कवर ड्राइव की कोशिश कर रहे हैं कोहली के बल्ले से गेंद लगकर दूसरी स्लिप के हाथों में जा पहुंची। इसके बाद तो कुछ सेकेंड के लिए विराट कोहली एकदम फ्रीज हो गए थे। कोहली के चेहरे पर उदासी साफ देखी गई। यहां तक कि जब कोहली पवेलियन की तरफ लौट रहे थे तो उन्होंने अपना सिर नीचे ही रखा हुआ था। ऐसे में कोहली अपने विकेट के बाद थोड़े भावुक भी नजर आए।

शुरुआती 10 बॉल में से 5 बार आउट हुए कोहली
आपको बता दें कि विराट कोहली के लिए यह सीजन अभी तक बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा है। कोहली लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इस सीजन की शुरुआती 10 बॉल में कोहली अभी तक 5 बार आउट हो चुके हैं। इसमें से 2 बार कोहली रन आउट भी हुए हैं। अभी तक कोहली के बल्ले से 11 के करीब के औसत से रन निकले हैं।












Click it and Unblock the Notifications