PCB चीफ मोहसिन नकवी भी दिखा रहे हेकड़ी, बांग्लादेश के बाद Pakistan भी होगा ICC T20 World Cup से बाहर?
Pakistan ICC T20 World Cup: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। टूर्नामेंट से बांग्लादेश के बाहर होने के बाद अब पाकिस्तान के शामिल होने पर भी संशय है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भी हेकड़ी दिखानी शुरू कर दी है। नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में खेलेगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला देश की सरकार करेगी।
यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी 2026 से खेला जाना है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा स्थितियों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, आईसीसी ने बीसीबी की भारत के बाहर मैच कराने की मांग ठुकरा दी और बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।

PCB चीफ नकवी बोले, 'सरकार करेगी अंतिम फैसला'
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी के हालिया बयान ने हलचल मचा दिया है। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी या नहीं, इसका फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। हम प्रधानमंत्री के देश लौटने का इंतजार कर रहे हैं।' उन्होंने बांग्लादेश के लिए एकजुटता दिखाते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है। पाकिस्तान सरकार हमें इस टूर्नामेंट का बहिष्कार करने के लिए कहती है, तो आईसीसी 22वीं टीम को शामिल कर सकती है।
नकवी के इस बयान से साफ है कि पीसीबी बांग्लादेश के साथ खड़े होने का संकेत दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश को अन्याय का शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए। वह भी आईसीसी का अहम सदस्य है। उन्होंने यह भी कहा कि एक देश के लिए एक नियम और दूसरे के लिए दूसरा नहीं हो सकता है।
Bangladesh को टूर्नामेंट से किया जा चुका है बाहर
बांग्लादेश को पहले ही इस टूर्नामेंट से बाहर किया जा चुका है। बीसीबी ने आईसीसी से अनुरोध किया था कि उनके मुकाबले भारत के बाहर कराए जाएं। हालांकि, 21 जनवरी को हुई आईसीसी बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया है। स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली के साथ रखा गया है, जहां पहले बांग्लादेश को जगह मिली थी।
ICC T20 World Cup 2026 से बाहर होगा पाकिस्तान?
ऐसे में अगर पाकिस्तान भी टूर्नामेंट से बाहर होता है, तो आईसीसी को एक और नई टीम को शामिल करना पड़ेगा। इससे टूर्नामेंट की साख और शेड्यूल दोनों पर असर पड़ सकता है। अब सबकी नजरें पाकिस्तान सरकार के फैसले पर टिकी हैं। अगर पाकिस्तान ने भी बहिष्कार का रास्ता चुना, तो आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 इतिहास का सबसे विवादित टूर्नामेंट बन सकता है।












Click it and Unblock the Notifications