Asian Games: अफगानिस्तान ने किया बड़ा उलटफेर, पाकिस्तान को धूल चटाकर बनाई फाइनल में जगह
Asian Games, Pakistan vs Afghanistan: एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट की दो टीमों के बारे में स्थिति साफ़ हो गई है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही अफगानिस्तान की टीम ने फाइनल तक का सफर तय कर लिया।
अफगानिस्तान और भारत के बीच अब फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। हांगजोऊ में खेले गए सेमीफाइनल मैच में अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को 4 विकेट से पराजित कर दिया। यह एक बड़ा उलटफेर कहा जा सकता है। अफगानिस्तान की मुख्य टीम वर्ल्ड कप के लिए भारत में है और दूसरी टीम ने एशियाई खेलों के फाइनल में जगह बना ली।

टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह सही साबित हुआ। पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते चले गए। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज ओमर युसूफ रहे। उनके बल्ले से 24 रनों की पारी आई। अमेर जमाल ने 14 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम 18 ओवरों में 115 के कुल स्कोर पर आउट हो गई।
अफगानिस्तान के लिए सबसे अच्छी गेंदबाजी फरीद अहमद ने की। उनके खाते में 3 विकेट आए। उनके अलावा कायेस अहमद ने भी 2 विकेट अपने नाम किये। जाहिर खान को भी 2 विकेट मिले। कप्तान गुलबदीन और करीम जनत ने 1-1 विकेट हासिल किया।
जवाबी पारी में खेलते हुए अफगानिस्तान ने भी कुछ विकेट गंवाए लेकिन लक्ष्य सामने था और धैर्य से खेलना था। वही करते हुए अफगानिस्तान ने 18वें ओवर में मुकाबला समाप्त कर दिया। नूर अली जादरान ने सबसे ज्याद 39 रन की पारी खेली। गुलबदीन ने 26 रनों की नाबाद पारी खेली।
हार के साथ पाकिस्तान की टीम बाहर हो गई और अफगानिस्तान का मुकाबला फाइनल में भारत के खिलाफ कल ही होगा। यह मुकाबला गोल्ड मेडल के लिए होगा। भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को पराजित किया।












Click it and Unblock the Notifications