World Cup 2023: श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत के बाद अफगानिस्तान को मिला नया लक्ष्य, इस बार करना होगा ये काम
ICC ODI World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान का प्रदर्शन दिन ब दिन शानदार होता जा रहा है। टूर्नामेंट में हशमतुल्लाह शाहिदी की टीम ने जोरदार वापसी करते हुए इंग्लैंड, पाकिस्तान और फिर श्रीलंका को आसानी से हरा दिया है। इस बीच अब टीम के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट ने अपने खिलाड़ियों के लिए अगला लक्ष्य निर्धारित कर दिया है।
अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने इस विश्व कप में अपने प्रदर्शन से फैंस को अपना मुरीद बना दिया है। वहीं मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट भी इस जीत की लय को बरकरार रखना चाहते हैं। यही कारण है कि उन्होंने अभी से अगला लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। नए लक्ष्य के तहत किसी एक बल्लेबाज को बाकी तीन मैचों में एक शतक लगाना होगा।

ट्रॉट ने श्रीलंका पर सात विकेट से मिली जीत के बाद कहा कि, 'अभी तक इनमें से किसी ने शतक नहीं बनाया है तो अगली चुनौती वही है। कोई जिम्मेदारी से खेलते हुए लंबी पारी खेले और शतक जमाये।' ट्रॉट ने कहा कि, 'आपने देखा कि इस टूर्नामेंट में कई शतक लगे हैं। अगली चुनौती यही है।
दरअसल, सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान और रहमत शाह जैसे खिलाड़ी शतक के करीब जरूर गए हैं, लेकिन वर्तमान टूर्नामेंट में जादुई तीन अंक तक नहीं पहुंच पाए हैं। ट्रॉट ने कहा कि, 'मध्यक्रम भी फॉर्म में है। यह अगली चुनौती है और मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि खिलाड़ी आगामी मैच में शतक बनाने में सक्षम होंगे। उम्मीद है यह अगले मैच के साथ शुरू होगा।'
ट्रॉट ने कहा कि, 'मुझे लगता है कि हम अपनी बल्लेबाजी और बुनियादी चीजों पर वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मुझे पता है कि यह बहुत घिसी-पिटी बात है, लेकिन जिस तरह से हम अभ्यास करते हैं, क्रिकेट के बारे में सोचते हैं, बल्लेबाजी करते हैं, जिम्मेदारी उठाते हैं। हमें अब अपने खिलाड़ियों में खुद की क्षमता को लेकर आत्मविश्वास दिख रहा है।'
श्रीलंका के खिलाफ जीत से अफगानिस्तान पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। आगामी मैच में उनका मुकाबला नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से होगा।












Click it and Unblock the Notifications