वर्ल्ड कप में कौन सी होगी टॉप 4 टीमें, एडम गिलक्रिस्ट ने कर दी भविष्यवाणी
Gilchrist on top 4 of world cup: वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल की दावेदार टीमों के बारे में चल रही चर्चा में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी एडम गिलक्रिस्ट भी कूद पड़े हैं। गिलक्रिस्ट ने सेमीफाइनल की दावेदार चार टीमों का नाम लिया है। उन्होंने एशिया की दो टीमों के अलावा बाहर की दो टीमों को दावेदार माना।
गिलक्रिस्ट के अनुसार मेजबान टीम भारत और डिफेंडिंग चैम्पियन इंग्लैंड के अलावा 1992 में चैम्पियन बनी पाकिस्तान और पांच बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में जाने वाली टीमें होंगी। उन्होंने कहा इन चारों टीमों के नॉकआउट में जाने के अच्छे आसार हैं।

अहमदाबाद में एक प्रमोशनल इवेंट में गिलक्रिस्ट ने अपना पूर्वानुमान बताया। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि भारत और पाकिस्तान टॉप चार में आ सकते हैं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया अन्य दो टीमें हैं। गिलक्रिस्ट के मुताबिक ये चार टीमें सेमीफाइनल में जाने के लिए दावेदार हैं।
वर्ल्ड कप से पहले भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खेली जानी है। वहां स्थिति और ज्यादा बेहतर तरीके से स्पष्ट हो जाएगी। टीम इंडिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई टीम तीन वनडे मैचों की सीरीज में खेलने वाली है। पहला वनडे मुकाबला 22 सितम्बर को खेला जाएगा।
गिलक्रिस्ट ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलिया ने जो सीखा है, उसका फायदा भारत दौरे पर मिलने वाला है। उनके पास वर्ल्ड कप से पहले भारत के खिलाफ तीन वनडे मैच हैं। वे यहाँ पूरी स्ट्रेंथ के साथ खेलेंगे। इससे हमें पता चलेगा कि टीम कहां स्टैंड कर रही है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के कुछ सीनियर खिलाड़ी चोट की वजह से नहीं खेले थे। कप्तान पैट कमिंस के अलावा स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों को सीरीज से बाहर होना पड़ा था। भारत दौरे पर ये सभी खिलाड़ी वापस टीम के साथ जुड़ जाएंगे। भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन देखने लायक रहेगा। वर्ल्ड कप से उनके पास तैयारी का अच्छा मौका है।












Click it and Unblock the Notifications