Abhishek Sharma Health: अभिषेक शर्मा हुए बीमार, क्या पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलेंगे मैच? फैंस की बढ़ी धड़कनें!
Abhishek Sharma Health Update: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारतीय टीम अगले मैच की तैयारी कर रही है। लेकिन इससे पहले भारतीय टीम के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीम के आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए हैं। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले मंगलवार को आयोजित प्रैक्टिस सेशन में अभिषेक नदारद रहे, जिससे उनके आगामी मैचों में खेलने पर संशय गहरा गया है।
अभिषेक शर्मा की सेहत हुई खराब (Abhishek Sharma Health Update)
अभिषेक शर्मा की सेहत पर अपडेट देते हुए टीम के सहायक कोच रायन टेन डोएशचेट ने पुष्टि की कि युवा बल्लेबाज अभी भी पेट की समस्या से जूझ रहे हैं। कोच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभिषेक को अभी भी पेट से जुड़ी कुछ दिक्कतें हैं। इसी वजह से उन्होंने आज के अभ्यास सेशन में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, हमें उम्मीद है कि दो दिनों के बाद होने वाले मैच तक वह चयन के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।

क्या पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए हो पाएंगे फिट?
अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ हुए पिछले मैच में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे और फील्डिंग के दौरान भी मैदान पर नहीं उतरे थे। तब कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनके अस्वस्थ होने की जानकारी दी थी। भारतीय टीम और फैंस के लिए असली चिंता नामीबिया मैच नहीं, बल्कि उसके ठीक बाद 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान महामुकाबला है। अभिषेक शर्मा का फिट न होना टीम के संतुलन के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है।
भारत को लग सकता है झटका
यदि अभिषेक 15 फरवरी तक पूरी तरह रिकवर नहीं कर पाते हैं, तो भारत को अपनी सलामी जोड़ी में बदलाव करना होगा। उनके बाहर होने से टीम इंडिया को बड़ा नुकसान हो सकता है। अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी में भारत के पास टॉप ऑर्डर में बाएं हाथ के बल्लेबाज का विकल्प कम हो जाता है, जो विपक्षी गेंदबाजों की लय बिगाड़ने के लिए जरूरी है।
अभिषेक अपनी निडर बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी और सलमान मिर्जा जैसे तेज गेंदबाजों के खिलाफ शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता की कमी खलेगी। अभिषेक केवल बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि उपयोगी बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं। कोलंबो की पिचों पर, जहां स्पिनरों को मदद मिलती है, उनका न होना कप्तान सूर्या के लिए एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प को कम कर देगा।
क्या है टीम इंडिया का बैकअप प्लान?
अगर अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैच से बाहर रहते हैं तो टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ ओपनिंग के लिए प्रमोट कर सकता है या फिर तिलक वर्मा को ऊपर भेजकर मध्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है। हालांकि, मेडिकल टीम फिलहाल अभिषेक को फिट करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत अपनी सर्वश्रेष्ठ प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहेगा।












Click it and Unblock the Notifications