AUS Vs NZ: आखिरी वनडे में नहीं चला फिंच का बल्ला, न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने दिया 'गार्ड ऑफ ऑनर'; Video
ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर के कप्तान आरोन फिंच ने शनिवार को वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज का आज आखिरी मैच खेल रहे हैं।
नई दिल्ली, 11 सितंबर: ऑस्ट्रेलिया के लिमिटेड ओवर के कप्तान आरोन फिंच ने शनिवार को वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज का आज आखिरी मैच खेल रहे हैं। इस मैच में उनका बल्ला कुछ खास कमाल नहीं कर सका। खराब फॉर्म में जूझ रहे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपने आखिरी वनडे में 13 गेंदों पर 5 रन बनाए। टिम साउथी ने उन्हें बोल्ड किया। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने फिंच को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज 2-0 से जीत चुका है।

ऑस्ट्रेलिया की नजर क्लीन स्वीप पर
न्यूजीलैंड की टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले दो मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीत लिए हैं। आखिरी मैच अभी काजली स्टेडियम, केर्न्सो में खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट खोकर 267 रन बनाए। स्टीव स्मिथ ने शतक जड़ा वहीं मार्नस लाबुस्चगने ने फिफ्टी लगाई। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंड बोल्ट ने 2 और टिम साउथी, लॉकी फर्ग्यूसन, मिशेल सेंटनर ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। फिंच ने पहले वनडे में 5 और दूसरे वनडे में खाता तक नहीं खोला था।
फिंच का अब तक करियर
फिंच ने अपने करियर में अब तक 5 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 27.80 की औसत और 44.98 के स्ट्राइक रेट से 278 रन बनाए हैं। फिंच ने टेस्ट में 2 अर्धशतक जड़े हैं। 146 वनडे में उन्होंने करीब 39 की औसत और 87.83 के स्ट्राइक रेट से 5406 रन बनाए हैं। एकदिवसीय में उन्होंने 30 अर्धशतक और 17 शतक जड़े हैं। वहीं 92 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में फिंच ने 35.24 की औसत और 145.29 के स्ट्राइक रेट से 2855 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 17 अर्धशतक और 2 शतक लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications