Aaj Ka Match Kon Jeeta: आज का मैच कौन जीता- मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपर किंग्स
Aaj Ka Match Kon Jeeta: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज का मैच मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 4 विकेट पर 206 का स्कोर खड़ा किया। मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा ने शतक जड़ा लेकिन वह टीम की हार नहीं टाल पाए।
टॉस जीतकर मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह सही साबित हुआ। चेन्नई के लिए बतौर ओपनर खेल रहे अजिंक्य रहाणे 5 रन के निजी स्कोर पर जेराल्ड कोएट्जिया का शिकार बन गए। यहाँ से रचिन रविन्द्र और रुतुराज गायकवाड़ ने मामला संभाला।

गायकवाड़ और रविन्द्र ने दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय भागीदारी की। रविन्द्र 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद चेन्नई की तरफ से आतिशी बैटिंग हुई। गायकवाड़ और शिवम दुबे ने गदर मचा दिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की भागीदारी हुई। गायकवाड़ ने 40 गेंद में 5 चौकों और 5 छक्कों से 69 रन बनाए।
शिवम दुबे ने भी धांसू फिफ्टी जड़ी और अंत में धोनी धमाका हुआ। धोनी ने हार्दिक पांड्या को अंतिम ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर फैन्स का दिल जीत लिया। धोनी 4 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद लौटे। शिवम दुबे ने 38 गेंद में 66 की नाबाद पारी खेली और चेन्नई का स्कोर 4 विकेट पर 206 तक पहुंचा दिया।
जवाब में खेलते हुए रोहित शर्मा और ईशान किशन ने मुंबई को धांसू शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से 70 रनों की भागीदारी कर डाली। ईशान किशन 15 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव भी चलते बने। सूर्या को उन्होंने खाता नहीं खोलने दिया। दोनों विकेट पथिराना ने झटके।
रोहित शर्मा ने अपने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंद में अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 500 छक्के पूरे कर दिए, वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बन गए। तिलक वर्मा अच्छी बैटिंग करते हुए 31 रन बनाकर पथिराना का शिकार बन गए। 15 ओवर तक मुंबई इंडियंस का स्कोर 3 विकेट पर 132 रन था। यहाँ से हार्दिक पांड्या महज 2 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने।
टिम डेविड ने 2 छक्के जमाए लेकिन वह 13 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। रोमारियो शेफर्ड को पथिराना ने 1 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। रोहित शर्मा एक छोर पर टिके रहे और अपना दूसरा आईपीएल सैकड़ा जमा दिया। वह 63 गेंद में नाबाद 105 रन बनाकर लौटे, इस दौरान 11 चौके और 5 छक्के जड़े। मुंबई का स्कोर 6 विकेट पर 186 तक पहुंचा। चेन्नई के लिए पथिराना ने 4 विकेट झटके। चेन्नई की यह चौथी जीत और मुंबई की चौथी हार है।












Click it and Unblock the Notifications