Asian Rugby: बिहार के नाम होगा एक और खेल इतिहास! राजगीर में भिड़ेंगी एशिया की टॉप 8 टीमें, जानिए कब क्या होगा?
Asian Rugby: बिहार के ऐतिहासिक नगर राजगीर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। 9 और 10 अगस्त को यहां एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप 2025 का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें एशिया की शीर्ष रैंकिंग वाली 8 पुरुष और 8 महिला टीमें हिस्सा लेंगी।
यह पहला मौका है जब बिहार इतने बड़े रग्बी टूर्नामेंट की मेज़बानी करेगा। इस आयोजन को लेकर राज्य भर में उत्साह का माहौल है। इसे बिहार के लिए खेल क्षेत्र में एक नई उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

राजगीर पहुंचेगी एशिया की टॉप टीमें
इस चैंपियनशिप में भारत के अलावा हांगकांग, चीन, यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया (केवल पुरुष) और नेपाल (केवल महिला) की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों पर निर्मित राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।
प्रतियोगिता से पहले 7 अगस्त से ही टीमें राजगीर पहुंचने लगेंगी। वहीं, 8 अगस्त को कबड्डी हॉल में उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें बिहार की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मेहमाननवाज़ी की झलक पेश की जाएगी।
राहुल बोस ने बताया मील का पत्थर
पूर्व भारतीय रग्बी खिलाड़ी और अभिनेता राहुल बोस ने इस आयोजन को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खेलों को लेकर दूरदृष्टि और नीति के कारण बिहार जैसे राज्य में भी रग्बी जैसे खेल का आधार बन रहा है। यह आयोजन केवल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक बड़ी सोच का परिणाम है - राहुल बोस
बिहार की रग्बी में मजबूत उपस्थिति
बिहार की टीमों ने हाल के वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है। नेशनल गेम्स में महिला टीम ने रजत पदक जीता था, जबकि स्कूल गेम्स में राज्य की लड़के और लड़कियों की टीमों ने विभिन्न वर्गों में चैंपियनशिप अपने नाम की थी। माना जा रहा है कि इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम में बिहार के कई युवा खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
खेलों का नया गढ़ बनता राजगीर
राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को हाल ही में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जो अब एशिया के प्रतिष्ठित आयोजनों की मेज़बानी के लिए तैयार है। रग्बी जैसे हाई इंटेंसिटी खेल के लिए इस परिसर में सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों की व्यवस्था मौजूद है।
आयोजन सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, अवसर है
राज्य सरकार और आयोजन समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन, खेल निदेशालय और एशिया रग्बी संघ के अधिकारी लगातार समन्वय में हैं। बिहार के लिए यह आयोजन एक संदेश है-राज्य अब केवल दर्शक नहीं, खिलाड़ी और आयोजक भी बन चुका है।
तारीखें:
7 अगस्त - टीमों का आगमन
8 अगस्त - उद्घाटन समारोह
9-10 अगस्त - मैच डे
राजगीर में होने जा रही एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैंपियनशिप न केवल बिहार की खेल क्षमताओं का प्रदर्शन होगी, बल्कि यह राज्य की छवि को वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान दिलाएगी। एक दौर था जब बिहार खेलों के नक्शे पर मुश्किल से दिखता था, और आज वही बिहार एशिया की टॉप टीमों की मेज़बानी कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications