India Open 2022: इंडोनेशियाई जोड़ी को पीटकर चैम्पियन बने चिराग-सात्विक, जीता डबल्स का खिताब

नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन स्टार चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी ने रविवार को इंडिया ओपन 2022 के टूर्नामेंट में इतिहास रचते पुरुष डबल्स का खिताब जीत लिया है। दिल्ली में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में चिराग-सात्विक की जोड़ी ने अपने करियर का सबसे बढ़िया प्रदर्शन करते हुए बेहद रोमांचक तरीके से मैच को अपने नाम किया और देश के लिये गोल्ड मेडल जीत लिया। इस भारतीय जोड़ी का सामना फाइनल में इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और हेंद्र सेतियावन से हुआ जिन्होंने 43 मिनट तक चले इस मैच में 21-16 और 26-24 के सीधे सेट में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच जीतने के बाद चिराग शेट्टी ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा,'मुझे लग रहा है कि जब हम दूसरे सेट के आखिरी पलों में थे तो हम 19-17 से लीड कर रहे थे, लेकिन फिर उन्होंने 20-19 की बढ़त हासिल कर ली। हम इस बात को अच्छे से जानते थे कि वो कुछ आसान अंक बटोरने की कोशिश करेंगे जिसकी वजह से मैच लंबा खिंचेगा। ऐसे में हमें पता था कि वो सर्व करने के साथ ही पहले मौके को भुनाना चाहेंगे, हमने इसे देखते हुए खुद को शांत रखा और जब हम 4-5 प्वाइंट पिछड़ गये फिर भी हमने चीजें आसान रखी और आसानी से अंक नहीं दिये। हमें पता था कि अगर शटल धीमा रहा और अहम बस जवाब दें तो भी यह हमारे लिये फायदेमंद साबित होगा।'
और पढ़ें: 6 सबसे बड़े विवाद जिन्होंने कप्तान कोहली के करियर में बटोरी सुर्खियां
चिराग शेट्टी ने आगे बात करते हुए कहा,'मेरे हिसाब से यह हमारे लिये रणनीतिक रूप से अब तक के करियर का सबसे बेस्ट मैच रहा है। यह वो मैच था जहां पर हमें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकल कर खेलना पड़ा या फिर मैं ये कह सकता हूं कि हम वो शॉट खेल रहे थे जो आमतौर पर हम नहीं खेलते हैं। यहां तक कि उन्होंने भी शटल को नीचे रखने की कोशिश की, लेकिन जब भी हमारी तरफ वो लो होती हम उसे ऊपर उठा देते। हम पहले से उसके लिये डिफेंस तैयार कर के बैठे थे और जल्दबाजी दिखाने की बजाय हम बस कोशिश करते रहे। अंत में यह हमारे पक्ष में चला गया।'
कोरोना महामारी पर बात करते हुए शेट्टी ने कहा कि खिलाड़ी बस सावधानी बरत सकते हैं लेकिन उससे संक्रमित न होने का कोई भी फुल प्रूफ तरीका नहीं है, ऐसे में जिन खिलाड़ियों को इसके संक्रमण का शिकार होना पड़ा इसमें उनकी कोई गलती नहीं है।
गौरतलब है कि इंडिया ओपन 2022 में रविवार को भारतीय बैडमिंटन की इस स्टार जोड़ी के अलावा पहली बार इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे लक्ष्य सेन ने पुरुष सिंगल्स में सिंगापुर के लोह कीन यू को 24-22, 21-17 के सीधे सेट में मात देकर गोल्ड जीत लिया। 54 मिनट तक चले इस मैच में गोल्ड जीतने वाले लक्ष्य सेन पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने डेब्यू टूर्नामेंट में यह कारनामा किया है।












Click it and Unblock the Notifications