पीवी सिंधु ने खत्म किया 2 साल का खिताबी सूखा, मालविका बंसोड़ को हराकर जीता सैयद मोदी टूर्नामेंट

Recommended Video
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने रविवार को सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स फाइनल में मालविका बंसोड़ का सामना किया और सीधे सेटों में 2-0 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया है। बाबु बनारसी इंडोर स्टेडियम में खेले गये इस फाइनल मैच में पीवी सिंधु ने मालविका बंसोड़ को 35 मिनट तक चले गेम में 21-13 और 21-16 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही पीवी सिंधु ने 2 साल से चले आ रहे अपने खिताब के सूखे को खत्म कर दिया है। पीवी सिंधु ने ग्लासगो में खेले गये 2019 के वर्ल्ड चैम्पियनशिप का गोल्ड मेडेल जीता था जिसके बाद यह पहला खिताब है जिसमें उन्होंने मेडेल जीता है।
सिंधु पिछले साल के वर्ल्ड टूर फाइनल्स में रनर अप रही थी तो वहीं पर वर्ल्ड चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल से बाहर हो गई थी। 20 वर्षीय मालविका अपना पहला सुपर 300 फाइनल खेल रही थी और शानदार प्रदर्शन करने के बाद जब उनका सामना पीवी सिंधु से हुआ तो इस भारतीय स्टार ने कोई कसर नहीं छोड़ी और सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट का अपना दूसरा खिताब जीत लिया। सिंधु ने अपने करियर का पहला खिताब 2017 में जीता था।
हालांकि मालविका ने भी इस दौरान कई शानदार प्रदर्शन किये और सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल टूर्नामेंट में लौरा लैम और थाइलैंड की सुपनिदा केटथॉन्ग को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उल्लेखनीय है कि सिंधु को नये साल में इंडिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में केटथान्ग के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन यहां से सिंधु ने हार नहीं मानी सैयद मोदी टूर्नामेंट के पहले मैच में हार के बावजूद अगले 3 मैचों में जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
गौरतलब है कि पीवी सिंधु को मिली इस जीत के साथ सीजन के बचे हुए मैचों के लिये उनका आत्म-विश्वास काफी बढ़ गया है और वो अब इंग्लैंड ओपन में भी खिताब जीतने की ओर देखेंगी, जिसके बाद उन्हें कॉमनवेल्थ 2022 और एशियन गेम्स में भारत का नेतृत्व करना है। आपको बता दें कि 20 वर्षीय मालविका के लिये भी यह टूर्नामेंट काफी बड़ा साबित हुआ है जिसमें उन्हें अनुभवी सिंधु का सामना कर फाइनल में हार मिली है।
और पढ़ें: Legends League Cricket: नमन ओझा पर भारी पड़ी इमरान ताहिर की पारी, 3 गेंद पहले बना डाले 210 रन
इससे पहले मालविका ने लंदन ओलंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली साइना नेहवाल को इंडिया ओपन में हराकर सभी को हैरान कर दिया था। इस बीच सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के पुरुष फाइनल को नो रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। यह फाइनल मैच अर्नौद मर्किल और लुकस क्लेरबॉट के बीच खेला जाना था लेकिन एक फाइनललिस्ट के कोविड पॉजिटिव पाये जाने के बाद इसे रद्द कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications