Legends League Cricket: नमन ओझा पर भारी पड़ी इमरान ताहिर की पारी, 3 गेंद पहले बना डाले 210 रन

नई दिल्ली। ओमान के मैदान पर रिटायर्ड खिलाड़ियों के साथ खेले जा रहे लेजेंडस लीग क्रिकेट टी20 टूर्नामेंट में फैन्स को एक बार फिर से रोमांचक मैच देखने को मिला, जहां पर संन्यास ले चुके भारतीय खिलाड़ियों और एशिया से बाहर के विदेशी खिलाड़ियों की टीम के बीच मैच खेला गया। एशिया से बाहर के रिटायर्ड विदेशी खिलाड़ियों की टीम वर्ल्ड जाएंटस ने लेजेंडस लीग क्रिकेट के अपने लगातार दूसरे मैच में 200 से ज्यादा रन बनाये, हालांकि इस बार उसकी टीम जीत हासिल करने में सफल रही। शुक्रवार को खेले गये मुकाबले में वर्ल्ड जाएंटस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 205 रन बनाये थे, जिसका पीछा करते हुए एशिया लॉयन्स की टीम ने 4 विकेट खोकर 4 गेंद पहले ही 209 रन बना डाले और मैच को जीत लिया।
और पढ़ें: Legends League Cricket में नमन ओझा ने मचाई तबाही, 9 छक्के-15 चौके लगाकर ठोंकी 140 रनों की पारी
वहीं पर जब शनिवार को वर्ल्ड जाएंटस की टीम इंडियन महाराजा के खिलाफ खेलने उतरी तो ज्यादातर समय तक इंडियन महाराजा की टीम मैच को जीतती हुई नजर आ रही थी। हालांकि आखिरी के 3 ओवर में इमरान ताहिर ने मैच को पूरी तरह से बदल दिया और वर्ल्ड जाएंटस की टीम को पहली जीत दिला दी। फिलहाल तीनों टीमें टूर्नामेंट में 1-1 जीत के साथ खेल रही हैं और सभी को अभी एक-एक मैच और खेलने हैं। जिसमें से टॉप 2 पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल खेला जायेगा।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी, क्या BCCI से डर गया है ECB

नमन ओझा ने खेली 140 रनों की विस्फोटक पारी
टॉस जीतकर वर्ल्ड जाएंटस की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शानदार शुरुआत करते हुए दूसरे ही ओवर में इंडियन महाराजा की टीम के 2 विकेट झटक लिये। 15 रन पर दो विकेट खो चुकी मोहम्मद कैफ की टीम ने नमन ओझा और कप्तान की आतिशी पारी के दम पर तीसरे विकेट के लिये 188 रनों की साझेदारी कर डाली और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। नमन ओझा ने इस दौरान 69 गेंदों का सामना किया और 9 छक्के एवं 15 चौकों की मदद से टूर्नामेंट का पहला शतक लगाते हुए 140 रनों की पारी खेली। वहीं पर मोहम्मद कैफ ने भी 3 छक्के और एक चौके की मदद से 53 रनों की पारी खेलकर इंडियन महाराज की टीम का स्कोर 209/3 कर दिया।

17 ओवर तक रहा भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
210 रनों का पीछा करने उतरी वर्ल्ड जाएंटस की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और 17 ओवर तक मैच में वह काफी पीछे नजर आयी। एशिया लॉयन्स के लिये 95 रनों की पारी खेलने वाले केविन ओ ब्रॉयन इस मैच में दूसरे ही ओवर में 9 रन बनाकर वापस लौट गये। वहीं जोनाथन ट्रेट को रिटायर हर्ट होना पड़ा। कुछ देर बाद कोरी एंडरसन भी बिना खाता खोले गोनी का शिकार हो गये। केविन पीटरसन ने इस दौरान 27 गेंदों में 2 चौके और 6 छक्कों की मदद से 53 रनों का योगदान देकर टीम को बिल्कुल पिछड़ने से रोक दिया, हालांकि दूसरे छोर पर विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। ब्रैड हैडिन ने 13 गेंदों में 21 रन बनाये, तो वहीं पर डैरेन सैमी की 11 गेंदों में 28 रन और मोर्ने मोर्केल की 15 गेंदों में 21 रनों की छोटी लेकिन विस्फोटक पारियों ने वर्ल्ड जाएंटस को चेज में बनाये रखा। हालांकि 17 ओवर्स के बाद भी लक्ष्य को हासिल करना आसान नहीं था।

इमरान ताहिर की आतिशी पारी ने इंडियन महाराजा से छीनी जीत
इमरान ताहिर ने 14वें ओवर में क्रीज पर कदम रखा था और आते ही पहली दो गेंदों पर दो चौके लगाकर अपनी मंशा जाहिर कर दी थी। इसके बाद 16वें ओवर में उन्होंने 3 गेंदों का सामना किया जिसमें एक-एक रन लेकर वह छोर बदलते नजर आये। 17वें ओवर में मोर्ने मोर्केल आउट हुए और इस ओवर में भी ताहिर ने 3 गेंदों में 2 रन बनाये। ताहिर 8 गेंदों में 13 रन बनाकर खेल रहे थे और वर्ल्ड जाएंटस को जीत के लिये 18 गेंदों में 48 रन की दरकार थी। मनप्रीत गोनी 18वां ओवर लेकर आये और इमरान ताहिर ने छक्का लगाकर उनका स्वागत किया। ताहिर ने इस ओवर में कुल 3 छक्के लगाये और 23 रन बटोर लिये। मुनफ पटेल 19वां ओवर करने आये जिसमें ताहिर ने दो चौकों की मदद से 13 रन बटोर डाले। आखिरी ओवर में वर्ल्ड जाएंटस को जीत के लिये 12 रन की दरकार थी और ताहिर ने वेणुगोपाल की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर लक्ष्य को आधा कर दिया। अगली गेंद खाली जाने के बाद ताहिर ने तीसरी गेंद पर फिर से एक छक्का लगाया और अपनी टीम को 210 रन के विशाल लक्ष्य के पार ले गये। ताहिर ने 19 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। उनकी इस पारी की वजह से नमन ओझा का शतक फीका लगने लगा, हालांकि शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications