Legends League Cricket: अब बचे हुए मैचों में नजर नहीं आयेंगे इमरान ताहिर, इंडियन महाराजा से छीनी थी जीत

नई दिल्ली। ओमान के मैदान पर दुनिया भर के 51 रिटायर्ड खिलाड़ियों के बीच लेजेंडस लीग क्रिकेट का टी20 टूर्नामेंट खेला जा रहा है, जिसका पहला चरण समाप्त हो गया है। इस टूर्नामेंट में इंडियन महाराजा, एशिया लॉयन्स और वर्ल्ड जाएंटस की टीमें भाग ले रही है, जिन्होंने अपने 2-2 मैच खेल लिये हैं और सभी को अभी तक एक-एक जीत हासिल हुई है। त्रिकोणीय सीरीज के प्रारूप में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में कुल 7 मैच खेले जाने हैं और सभी टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिये अभी 2-2 मैच खेलने हैं। इस बीच रेस्ट ऑफ वर्ल्ड के रिटायर्ड खिलाड़ियों की टीम वर्ल्ड जाएंटस को बड़ा झटका लगा है।
शनिवार को इंडियन महाराजा की टीम के मुंह से जीत छीनने वाले वर्ल्ड जाएंटस के इमरान ताहिर ने लेजेंडस लीग क्रिकेट के बचे हुए मैचों में न खेलने का फैसला किया है। इमरान ताहिर ने यह फैसला पाकिस्तान में आयोजित होने वाली पाकिस्तान सुपर लीग का हिस्सा बनने के लिये किया है। पाकिस्तान सुपर लीग का आगाज 27 जनवरी से 27 फरवरी के बीच लाहौर और करांची के मैदान पर खेला जाना है।
और पढ़ें: Legends League Cricket में नमन ओझा ने मचाई तबाही, 9 छक्के-15 चौके लगाकर ठोंकी 140 रनों की पारी
इमरान ताहिर पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान्स की टीम के लिये खेलते नजर आयेंगे, जो करांची किंग्स के खिलाफ करांची के ही मैदान पर टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच 27 जनवरी 2022 को खेलती नजर आयेगी। पाकिस्तान सुपर लीग के करियर में इमरान ताहिर अब तक 27 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 17.48 की औसत से 37 विकेट हासिल किये हैं।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को खेले गये मैच में इंडियन महाराजा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसमें नमन ओझा ने 69 गेंदों में 140 रनों की पारी खेली थी। नमन ओझा ने इस दौरान 15 चौके और 9 छक्के जड़े। मोहम्मद कैफ ने भी इस दौरान नाबाद 53 रनों की भी पारी खेली। इंडियन महाराजा की टीम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की और 17 ओवर्स तक उनकी टीम जीत के करीब थे।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी, क्या BCCI से डर गया है ECB
हालांकि इमरान ताहिर ने आखिरी के 3 ओवर्स में मैच को बदल दिया और 19 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के लगाकर नाबाद 52 रनों की पारी खेली और जीत की ओर बढ़ रही इंडियन महाराजा से जीत छीन ली। इमरान ताहिर ने अपने करियर में साउथ अफ्रीका के लिये 20 टेस्ट, 107 वनडे और 38 टी20 मैचों में शिरकत की है और 57 टेस्ट, 173 वनडे, 63 टी20 विकेट अपने नाम किये हैं। इस दौरान उन्होंने 7 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications