UP News: महिला ने छू दिया हल, गांव वालों ने बुलाई पंचायत, कहा- अब नहीं होगी बारिश, पुलिस भी हैरान
UP Sonbhdra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में एक महिला ने हल छू दिया उसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों को जब इस बात की जानकारी हुई तो गांव में पंचायत बुलाई गई और महिला को दंड देने की बात की जाने लगी। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दिया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी ग्रामीणों की बातें सुनकर हैरान रह गई। गांव वालों का कहना था कि महिलाओं का हल छूना पाप है और महिला ने हल छुआ है, जिसके कारण गांव में बारिश नहीं होगी और इस बार लोगों को सूखे के संकट से गुजरना पड़ेगा। बाद में पुलिस ने किसी तरह समझाया और महिला के माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ।

यह पूरा मामला सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाली एक महिला का हल खेत में पड़ा हुआ था। कुछ दिन पूर्व वह महिला खेत में पड़े अपने हल को उठाकर अपने घर में रख दी थी।
महिला का तर्क था कि यदि खेत में हल होता तो कोई उसे चुराकर ले जाता। इस दौरान गांव में रहने वाले अन्य लोगों ने महिला को हल उठाते हुए देख लिया था। इसके बाद धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई और गांव वालों ने महिला के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया।
बात यहीं ख़त्म नहीं होती। हद तो तब हो गई जब ग्रामीणों का आरोप था कि महिला के उपाय के कारण बारिश नहीं हो रही है। पूरे गांव के लोगों से बात करने के बाद प्राथमिक विद्यालय कोटारडुबा में पंचायत बुलाई गई। महिला को पंचायत में पंचों द्वारा दंडित किया जाना था।
इसी बीच वहां मौजूद किसी शख्स ने फोन करके पुलिस को सूचना दे दिया। सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक बृजेश पांडेय गांव में पहुंचे। गांव में पहुंचने के बाद जब ग्रामीणों से उन्होंने बातचीत की तो ग्रामीणों द्वारा फिर वही बात दोहराई गई। काफी देर तक उपनिरीक्षक द्वारा ग्रामीणों को समझाया गया लेकिन वे नहीं माने।
उसके बाद महिला को लेकर पुलिस थाने पर चली आई। थाने आने के बाद भी ग्रामीणों ने थानेदार से भी कहा कि मान्यता के अनुसार महिला ने हल छू दिया है ऐसे में गांव में अब बरसात नहीं हो सकती है। थानेदार द्वारा ग्रामीणों को समझाते हुए कहा गया कि यदि महिला ने हल छुआ है तो केवल आपके गांव में सूखा होना चाहिए।
आस-पास के गांव और जनपदों में क्यों ऐसी समस्या है वहां भी बरसात नहीं हो रही है इसके पीछे क्या कारण है? काफी देर तक समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए लेकिन इसके बावजूद भी महिला को लोग दोषी मानते रहे। बाद में ग्राम प्रधान और मौजूद संभ्रांत लोगों से महिला ने माफी मांगी उसके बाद किसी तरह यह मामला शांत हुआ। इस बारे में म्योरपुर प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत द्वारा बताया गया कि अंधविश्वास के चलते लोगों द्वारा पंचायत बुलाई गई थी। काफी समझाने के बाद ग्रामीण मान गए और महिला अपने गांव के लोगों के साथ अपने घर चली गई।












Click it and Unblock the Notifications