Truck Strike: नए नियमों के विरोध में ट्रक चालकों ने सोनभद्र में लगाया जाम, आधे घंटे तक ठप रहा यातायात
Truck Strike: मोटर वाहन अधिनियम में हालिया संशोधन के खिलाफ ट्रक चालक और ट्रांसपोर्टर लामबंद होते नजर आ रहे हैं। एक जनवरी को ट्रक ड्राइवरों की देशव्यापी हड़ताल की बात कही जा रही है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शनिवार को ट्रक चालकों ने वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग को जाम कर दिया। ट्रक चालकों ने कहा कि नये नियम से वे बर्बाद हो जायेंगे। ऐसे में सरकार द्वारा लागू किए गए मोटर वाहन अधिनियम पर विचार करना चाहिए।

ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्ट व्यापारियों के जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा ट्रांसपोर्टरों व ट्रक चालकों को समझाने के बाद यातायात शुरू हुआ। इस दौरान करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
ट्रांसपोर्ट कारोबारी द्वारा बताया गया कि संशोधित कानून को वापस लिया जाना चाहिए। कहा कि इस एक्ट के तहत वाहन चालकों को 12 साल की सजा का प्रावधान है तथा 10 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया जाएगा।
यदि ऐसा किया जाएगा तो कोई भी व्यक्ति ट्रक नहीं चलाएगा। ऐसे में सामानों का आगमन बंद हो जाएगा। ट्रांसपोर्टरों द्वारा कहा गया कि नए नियम को लेकर जानकारी होने के बाद ट्रक चालक और ट्रक चलाने से कतरा रहे हैं।
जिससे उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते इस पर विचार नहीं किया गया तो ट्रांसपोर्टरों को भारी नुकसान होगा। इसी तरह ट्रक चालकों द्वारा भी नए नियम को लेकर नाराजगी जताई गई।
ट्रक चालकों द्वारा यह भी बताया जा रहा है कि नए साल में 1 जनवरी को ट्रक चालक हड़ताल पर रहेंगे। जब तक यह काला कानून वापस नहीं दिया जाता तब तक वह ट्रक नहीं चलायेंगे। ऐसे में ट्रांसपोर्टर अभी से ही परेशान नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications