बांग्लादेश की युवती और यूपी के युवक ने फेसबुक पर हुआ प्यार पाने के लिए सरहद लांघकर रचाई शादी
सोनभद्र। प्यार कभी भी किसी से भी हो सकता है। प्यार को ना सरहदें रोक पाती हैं और ना ही जाति-धर्म। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के युवक से शादी रचाने के लिए बांग्लादेश की युवती बॉर्डर पार आ गई। दोनों ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह के कार्यालय में पहुंचकर शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। जिससे बांग्लादेश की युवती को भारतीय नागरिकता भी मिल सके।

आठ माह की दोस्ती शादी में बदली
सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र के अनपरा बाजार निवासी शुभ्रांकर विश्वास ने बताया कि आठ महीने पहले फेसबुक पर बांग्लादेश की मोमिता मण्डल से दोस्ती हुई। फेसबुक की यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। फिर दोनों ने शादी का फैसला लिया और फेसबुक पर ही अपने अपने परिवार को एक-दूसरे से मिलवाया। बात करवाई तथा उनकी मंजूरी ली।

पहले प्रेमी पहुंचा बांग्लादेश
फेसबुक पर ही दोनों परिवार की सहमति मिलने पर युवक अपने परिजन के साथ बांग्लादेश पहुंचकर प्रेमिका के परिवार वालो से मिला। इसके बाद वीजा बनाकर अपनी प्रेमिका को भारत लेकर आया। दोनों ने प्रयागराज स्थित आर्य समाज मन्दिर में विवाह किया। इसके बाद 6 दिसम्बर को सोनभद्र अपर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर शादी को वैधानिक रूप देने के लिए आवेदन किया।

फरवरी में होगा विवाह पंजीयन
प्रेमी शुभ्रांकर और प्रेमिका मोमिता मण्डल ने आर्य मंदिर में विवाह करने के बाद सोनभद्र अपर जिलाधिकारी कार्यालय में विवाह पंजीयन के लिए आवेदन किया, जिसकी अगली तिथि फरवरी 2019 मिली है। शादी के बाद शुभ्रांकर व मोमिता और उनके परिजनों की खुशी देखते बन रही है।

युवती के घर की होगी जांच
प्रेमी युगल के अधिवक्ता विकास शाक्य ने बताया कि फेसबुक के माध्यम से दोनों युवक-युवती का परिचय हुआ, जो शादी में बदल गया। अब विवाह पंजीकरण के लिए अपर जिलाधिकारी कार्यालय में आवेदन किया है। इसके साथ ही प्रक्रिया के तहत युवती के बांग्लादेश स्थित घर व परिवार की जांच के लिए मामला कोलकाता स्थित बांग्लादेश एम्बेसी भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications