सोनभद्र: सोने की खदान के बाद अब जागी यूरेनियम मिलने की उम्मीद, कुदरी पहाड़ी पर तलाश शुरू
सोनभद्र। सोने की खदान मिलने के बाद उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला सुर्खियों में है। इसी बीच कुदरी पहाड़ी पर लगभग 100 टन यूरेनियम मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए पहाड़ी पर तीन स्थानों पर खुदाई के साथ भी शुरू करवा दी गई है। वहीं, सोनभद्र जिले की सीमा से सटे तीन राज्यों के सीमारवर्ती क्षेत्र में भी यूरेनियम की तलाश के लिए पिछले 15 दिनों से हेलीकॉप्टर से सर्वे किया जा रहा है।

100 टन यूरेनियम मिलने की उम्मीद
केन्द्रीय परमाणु ऊर्जा विभाग, दिल्ली की टीम हेलीकॉप्टर से एरो मैग्नेटिक सिस्टम के जरिए कुदरी के अलावा सोनभद्र जिले से सटे पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती जंगलों और पहाड़ों में यूरेनियम की खोज कर रही है। टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि सोनभद्र जिले के कुदरी पहाड़ी क्षेत्र में लगभग 100 टन यूरेनियम मिलने की उम्मीद है। पहाड़ी पर जीएसआई की टीम तीन स्थानों पर खुदाई करवा कर यह पता लगाने में जुट गई है कि यूरेनियम कितना गहराई पर मौजूद है।
Recommended Video

हेलीकॉप्टर से किया जा रहा है सर्वे
अधिकारी ने बताया कि सोनभद्र जिले से सटे पड़ोसी राज्यों के जिले में भी यूरेनियम की पड़ताल की जा रही है। इसके लिए पिछले 15 दिनों से हेलीकॉप्टर से एरो मैग्नेटिक सिस्टम द्वारा सर्वेक्षण किया जा रहा है। वहीं, परमाणु ऊर्जा विभाग के अधिकारी ने बताया कि यूरेनियम की खोज के बारे में एसडीएम को पूरी जानकारी दे दी गई है।

एक किलो यूरेनियम में 24 मेगावाट बिजली का उत्पादन
बीएचयू के भूवैज्ञानिक डॉ. वैभव श्रीवास्तव का कहना है कि सौ टन यूरेनियम मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि होगी। एक किलो यूरेनियम से 24 मेगावॉट तक बिजली पैदा की जा सकती है। डॉ. श्रीवास्तव का कहना है कि सोन के कुदरी में यूरेनियम मौजूद है।

...तो क्या मिट जाएगा हरदी पहाड़ी का अस्तित्व
जिले के चोपन ब्लॉक के टेलगुड़वा-कोन मार्ग के बीच पिपरहवा और हरदी गांव के उत्तर दिशा और सोन पहाड़ी के किनारे जीएसआई की खोज में मिला सोना निकालने के लिए खुदाई होने पर पहाड़ी का अस्तित्व मिट जाएगा। यही हाल पनारी और महुली के सोन पहाड़ी का भी होगा। साथ ही इसके आसपास के गांव के लोगों का विस्थापन भी होगा। स्वराज्य अभियान के नेता दिनकर कपूर का कहना है कि सरकार को विस्थापन से जुड़े मुद्दे सुलझाने के बाद ही खुदाई आदि का काम शुरू करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications