Sonbhadra Accident: पुल से नीचे गिरे बाइक सवारों में 3 भाइयों की मौत, हेलमेट से बच सकती थी जान
शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे 3 भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिया के नीचे गिरने से तीनों के सिर में गंभीर चोट आने से मौत हुई है और तीनों ने ही हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
सोनभद्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पुलिया से गिरकर तीन भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर है। तीनों का शव पुल के नीचे गिरा था, पास में बाइक भी थी। बताया जा रहा है कि ये चारों रिश्ते में भाई लगते हैं और शादी समारोह में जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, चारों लोग एक ही बाइक पर सवार थे। अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गई। हादसे के दौरान चारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि तीनों के सिर पर गंभीर चोट आई है।

टहलने निकले ग्रामीणों की पड़ी नजर
बता दें कि ये हादसा सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के कोंगा गांव के पास बभनी-सांगोबांध मार्ग पर हुआ है। बभनी-सांगोबांध मार्ग पर शुक्रवार की सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने कोंगा गांव के पास पुलिया के नीचे एक बाइक को क्षतिग्रस्त हालत में देखा। जब उन्होंने नजर दौड़ाई तो देखा कि चार लोग बदहवास हालत में इधर-उधर पड़े हैं। जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर सभी को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक किशोर का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

बारात में शामिल होने जा रहे थे युवक
वहीं पुलिस को युवकों के पास मिले कागजातों से उनकी पहचान की गई है। मृतकों की पहचान दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गोहड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय ओमप्रकाश, 18 वर्षीय रामप्यारे और छत्तीसगढ़ के गिरवानी गांव निवासी 22 वर्षीय धनराज के रूप में हुई है। हादसे में 14 वर्षीय रामसूरज घायल हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि चारों लोग बारात में शामिल होने के लिए चौना जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications