Sitapur: सोते समय मौत ने दी दस्तक! मोबाइल चार्जर ने ले ली माँ-बेटे की जान, हैरान कर देगी ये घटना
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक मोबाइल का चार्जर मां-बेटे की मौत का कारण बन गया। देर रात मोबाइल चार्जर में करंट उतरने से पहले बेटा उसकी चपेट में आया और उसको बचाने में माँ की भी जान चली गई। वहीं, सीतापुर के ही कोतवाली देहात इलाके में पेड़ की डाल काटते समय एक युवक की करंट से मौत हो गई।
चार्जर में उतरा करंट
बता दें कि सीतापुर के रामपुर मथुरा अंतर्गत भगवतीपुर गांव में सोमवार रात रोहित जायसवाल और उसकी मां रामसहेली जायसवाल एक ही कमरे में सो रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात तक मोबाइल देखने के बाद रोहित ने फोन चार्जिंग पर लगा दिया और चारपाई पर ही अपने पास रखकर सो गया। इसी दौरान मोबाइल चार्जर में अचानक करंट उतर आया।

माँ-बेटे की मौत
चार्जर में अचानक उतरे करंट की चपेट में पहले रोहित आया। उधर, बेटे को झुलसता देख मां उसे बचाने की कोशिश करने लगी और माँ भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से आसपास के गांव के लोग डरे हुए हैं। स्विच और बिजली के उपकरण को छूने में सावधानी बरत रहे हैं। फोन को दूर रखकर ही चार्ज कर रहे हैं।
पेड़ डाल काट रहे शख्स की मौत
वहीं, कोतवाली देहात इलाके के भावरा गांव में पेड़ की डाल काटते समय नीचे से गुजर रही लाइन की चपेट में आकर पेड़ की डाल काट रहे सुनील की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी झूल रहे हाईटेंशन लाइन के तारों को सही नहीं कराया गया है।
सावधानी बरतना बेहद जरूरी
उधर, अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि बिजली का उपयोग करने में सावधानी बरतना बेहद ही जरूरी है। करंट से बचने के लिए बिजली के तार और उपरकणों से दूरी बनाकर रहना आवश्यक है। इसके अलावा घरों की वायरिंग को सही रखें। वायरिंग लीक होने पर सीलनभरी दीवारों में करंट दौड़ने लगता है। बिजली के खंभों से दूर रहें। बिजली लाइन के नीचे छाता लगाकर न खड़े हों।












Click it and Unblock the Notifications