मिट्टी के अंदर से निकला जिंदा बच्चा, देखिए दिल दहला देने वाला ये VIDEO
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। थाना कोतवाली जोगिया क्षेत्र के गांव सोनौरा टोला में घनश्याम नाम के एक शख्स का घर बन रहा है। मजदूर मिट्टी खोदकर ला रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मजदूर उसी दिशा में पहुंचे तो वहां एक जगह मिट्टी हिलती हुई नजर आई। ग्रामीणों ने मिट्टी हटाई तो नजारा देखते ही उनके होश उड़ गए। मिट्टी हटाते ही बच्चे का हाथ नजर आया। डरते हुए मिट्टी हटाई तो मिट्टी में सना एक नवजात मिला। बच्चे का कुछ लोगों ने एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नवजात की सांस नली में मिट्टी चली गई
लोगों ने बच्चे को निकाल कर तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नवजात को अस्पताल भिजवाया गया। मिट्टी के नीचे दबे होने के बावजूद नवजात सुरक्षित है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मानवेन्द्र पाल के मुताबिक, नवजात को देखकर लगता है कि उसका जन्म कुछ ही देर पहले हुआ होगा। वे लोग हैरान हैं कि नवजात की सांस नली में कुछ मिट्टी चली गई है जो चिंता का कारण है, लेकिन बच्चा फिलहाल ठीक है।
बच्चे का स्वस्थ होना चमत्कार से कम नहीं
बता दें, नवजात के इस तरह से मिट्टी में दबे होने और फिर उसके स्वस्थ होने को डॉक्टर्स भी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। डॉक्टर ने कहा कि नवजात को देखकर लगता है कि जन्म के कुछ ही घंटों के अंदर उसे मिट्टी में दबाया गया और वह कुछ देर ही मिट्टी में दबा रहा है।नवजात को गोद लेने के लिए गांव के ही द्वारिका की पत्नी लक्ष्मी सामने आई हैं। उन्होंने इच्छा जाहिर की है कि वह नवजात को गोद लेना चाहती हैं। इस मामले में जोगिया थाना इंचार्ज अंजनी राय का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications