'दवाई बदलने से बीमारी दूर नहीं होती', PM के बयान पर प्रियंका ने साधा निशाना,कहा- हिमाचल की जनता बीमार नहींं है
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश में ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया। प्रियंका ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकार निशाना साधा। दरअसल, दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के लोगों से हर बार सत्ता बदलने की परंपरा को इस बार बदलने की बात कही थी। इसके जवाब में प्रियंका ने लोगों से किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी और कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

प्रियंका ने कहा कि प्रदेश की जनता को यह समझना होगा कि दवा बदलने से बीमारी दूर नहीं होने की बात उन्हें गुमराह करने के लिए कही जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता हुए, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपनी तरक्की की और जनता की तरक्की पर कोई ध्यान नहीं दिया। प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा इनके नेता कहते हैं कि दवाई बदलने से बीमारी दूर नहीं होती। क्या हिमाचल प्रदेश और वहां की जनता बीमार है? देखिए किस नजरिए से आप को देखा जा रहा है ? आपको बताया जा रहा है कि आप बीमार हैं। समझ लीजिए कि आप लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने क्या कहा था ?
दरअसल, दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक चुनावी सभा में हिमाचल प्रदेश के लोगों से हर पांच साल में सरकार बदलने की गलती नहीं दोहराने की बात कही थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि बार-बार दवा बदलना बीमारी के इलाज में मददगार नहीं है। आप को एक ही दवा के साथ लंबे समय तक बने रहना है, ताकि इसके असर को देख सकें। हर हफ्ते अलग-अलग दवा लेने से किसी का भला नहीं होगा। हिमाचल प्रदेश ने यही गलती की है। प्रियंका गांधी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि उसकी डबल इंजन की सरकार में केवल कुछ उद्योगपतियों के इंजन में तेल भरा जा रहा है। यह चुनाव हिमाचल प्रदेश के लोगों का भविष्य तय करने वाला है। ओपीएस की मांग आपकी मांग है जिसे भाजपा ने पूरा नहीं किया। अगर कांग्रेस शासित राज्यों में पुरानी पेंशन मिल सकती है तो दूसरे प्रदेशों में क्यों नहीं मिल सकती? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार में तमाम साधनों के बावजूद 63 हजार पद खाली हैं। इन्होंने पदों को खाली क्यों रखा है?
प्रियंका ने कहा, हमारी सरकार बनने पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ही एक लाख रोजगार देने पर निर्णय होगा। प्रियंका गांधी ने पुरानी पेंशन योजना और रोजगार के मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारों ने इन वादों को पूरा किया और मौका मिलने पर हिमाचल प्रदेश में इसे किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार में युवाओं के बीच नशा फैलाया जा रहा है, लेकिन रोजगार नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव ने ’अग्निवीर’ योजना का हवाला देते हुए दावा किया, ’ये लोग सेना की भर्ती को भी ठेके पर दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में पहले चार हजार लोग भर्ती होते थे। लेकिन इससे सिर्फ 400-500 लोग भर्ती हो सकेंगे और इनमें से 75 फीसद लोग वापस जाएंगे। प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि आज हिमाचल प्रदेश का बजट घाटे में है। लेकिन हर जगह घोटाले ही घोटाले हैं। शिक्षक भर्ती में घोटाला हुआ और कई अन्य भर्तियों में घोटाला है। यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो पांच साल में पांच लाख रोजगार देने का पूरा प्रयास किया जाएगा। हमारा सिद्धांत सेवा और समर्पण का है तो भाजपा का सिद्धांत सिर्फ सत्ता में बने रहने का है... आप लोग अपने लिए वोट दीजिए, किसी की बातों से गुमराह नहीं होना है।












Click it and Unblock the Notifications