हिमाचल सरकार ने बस किराया 25% बढ़ाया, विधायक-मंत्री मुफ्त सफर नहीं कर पाएंगे
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सरकार ने बस किराए में बढ़ोतरी कर दी है। राज्य कैबिनेट की सोमवार को हुई बैठक में तय किया गया कि, बसों का किराया 25 फीसदी बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही न्यूनतम किराया भी 5 से बढ़ाकर 7 रुपये कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार ने चरमराती अर्थव्यवस्था को संभालने का तर्क दिया। कहा कि, कोरोना की मार से बेहाल आर्थिक हालत को सुधारने के लिए यह निर्णय आवश्यक था।

विधायक और मंत्री फ्री यात्रा नहीं कर पाएंगे
सरकार ने एक राहत भी जनता को दी है। कहा गया है कि, अब से विधायक और मंत्री बस में मुफ्त सफर नहीं कर पाएंगे। हालांकि, पूर्व विधायकों के लिए यह सुविधा जारी रहेगी। किराए की बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि मंत्रिमंडल किराया बढ़ाने के हक में नहीं था, लेकिन डीजल के दाम बढ़ गये हैं और कोरोना के कारण बसों में सवारियों की भी कमी है। जिसके चलते अकेले एचआरटीसी को हर सप्ताह 5 करोड़ का नुकसान हो रहा है। ऐसे में सरकार ने एचआरटीसी और परिवहन विभाग का किराया बढ़ाने की मंजूरी दी।
30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान
राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि, कोरोना संकट के चलते अर्थव्यवस्था बड़े नुकसान में है। पिछले तीन महीने में सरकार को 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस तरह के नुकसान की भरपाई बसों का किराया बढ़ाने जैसे फैसलों से ही संभव है।












Click it and Unblock the Notifications