दलाई लामा के सीने में तकलीफ, दिल्ली के अस्पताल में हुए भर्ती
Shimla news, शिमला। तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा बिगड़ती सेहत को देखते हुए धर्मशाला से इलाज के लिये दिल्ली लाए गये हैं। दलाई लामा दिल्ली दौरे से धर्मशाला वापिस लौटे ही थे कि उन्हें सीने में दिक्कत महसूस होने लगी और डाक्टरों की सलाह पर दिल्ली भेजने का फैसला लिया गया।

बताया जा रहा है कि दलाई लामा को छाती में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दलाई लामा छाती में दर्द होने के चलते काफी परेशान थे। दलाई लामा के निजी सचिव तेनजिन टकला ने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने छाती में संक्रमण से जुड़े कुछ मेडिकल टेस्ट कराए हैं, जिनकी रिपोर्ट पॉजीटिव मिली है। टकाला ने कहा कि अगले दो तीन दिन तक दलाई लामा अस्पताल में भर्ती रह सकते हैं। दलाई लामा के स्वास्थ्य को लेकर दुनिया भर में तिब्बतीयों में चिंता की लहर दौड़ गई है। दलाई लामा को मानने वाले भक्त उनके ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
दलाई लामा की सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आपको बता दें कि दो साल पहले अपने अमेरिकी दौरे के दौरान दलाई लामा अपनी बीमारी के चेकअप के लिये अमेरिका में रोशटर के मशहूर मेयो क्लीनिक में मेडिकल चेकअप के लिये गये थे। उसके बाद अमेरिकी डाक्टरों ने दलाई लामा को आराम करने की सलाह दी थी। करीब डेढ़ महीने बाद दलाई लामा अमेरिका से लौटे थे। व उसके बाद दलाई लामा के विदेश दौरों पर भी अचानक रोक लग गई थी। लेकिन उनकी बीमारी को लेकर समय समय पर तिब्बती चिंता जताते रहे हैं। अब इस बार भी यही चिंता आम से लेकर खास तिब्बती के मन में है।












Click it and Unblock the Notifications