हरियाणा की मॉडल का आरोप, फोटोशूट का झांसा देकर यूपी का शख्स करता था रेप
शामली। फोटोशूट का झांसा देकर हरियाणवी मॉडल के साथ रेप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई बार रेप करने के बाद अब आरोपित कॉल व मेसेज कर मॉडल को परेशान कर रहा है। मॉडल ने पुलिस को बताया कि आरोपी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला है। जिसके बाद मानेसर महिला थाना पुलिस ने पीड़ित मॉडल की तहरीर पर जीरो एफआईआर में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए यूपी के शामली पुलिस को भेज दी है।

फेसबुक के जरिए आये थे संपर्क में
मीडिया खबरों के मुताबिक, मॉडल गुड़गांव के फर्रुखनगर एरिया की रहने वाली है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि जनवरी 2019 में उसकी मुलाकात यूपी शामली के गांव तोडाडा निवासी गोविंद से हुई थी। गोविंद पेशे से फैशन फोटोग्राफर है और लोकल मूवी में काम करता है। फेसबुक के जरिए दोनों संपर्क में आए तो आरोपित ने युवती को मूवी में रोल दिलाने का वादा किया। इस पर युवती जनवरी में यूपी के शामली चली गई।

फोटोशूट करने का दिया झांसा
युवती का आरोप है कि आरोपी ने मूवी में रोल दिलाने से पहले फोटोशूट करने को कहा और अपने शामली जिला स्थित अपने पैतृक गांव ले गया। इस दौरान आरोपी गोविंद ने पीड़िता के साथ रेप किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके बाद उससे शादी करने का वादा किया और शामली स्थित अपने घर बुलाया जहां उसने महिला के साथ बार-बार रेप किया।

पुलिस ने रिपोर्ट की दर्ज
पीड़िता की मानें तो हाल ही में आरोपी गोविंद ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। जिससे परेशान होकर वह गुड़गांव लौट आई, लेकिन अब आरोपी उसकी अंतरंग तस्वीर और वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने की भी धमकी दे रहा है। जिसके चलते पीड़ित मॉडल ने अब पुलिस से शिकायत की है। मानेसर महिला थाना की एएसआई राजबाला ने बताया कि शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। केस की फाइल यूपी शामली पुलिस को भेज दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications