बंदरों का आतंक : भाजपा नेता की पत्नी की घर की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत
शामली, 08 सितंबर: उत्तर प्रदेश के शामली में बंदरों ने भाजपा नेता अनिल चौहान की पत्नी और जिला पंचायत की पूर्व सदस्य सुषमा चौहान की जान ले ली। बंदरों की वजह से बीजेपी नेता की पत्नी घर की दूसरी मंजिल से गिर गई। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मौत की सूचना पर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इसके साथ ही लोगों में गुस्सा है। लोगों का कहना है कि कैराना कस्बे में बंदरों का आतंक बढ़ गया है, लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

बंदरों ने सुषमा पर मारा झपट्टा
भाजपा के पूर्व सांसद स्वर्गीय बाबू हुकम सिंह के भतीजे और वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल चौहान की पत्नी सुषमा भी सक्रिय राजनीति में रह चुकी हैं। वह वार्ड नंबर 13 से जिला पंचायत सदस्य थीं। मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह मंदिर से पूजा करके लौटी तो घर की दूसरी मंजिल पर कई बंदर मौजूद थे। सुषमा बंदरों को भगाने लगीं। इसी दौरान बंदरों ने उन पर झपट्टा मार दिया।
दूसरी मंजिल से गिरीं सुषमा चौहान, मौत
सुषमा का संतुलन बिगड़ा और वह सीढ़ियों से फिसलकर सीधे फर्श पर आ गिरीं। आनन-फानन में पति अनिल चौहान व परिवार के अन्य सदस्य उन्हें शामली के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से भाजपा नेता के घर में कोहराम मच गया। वहीं, क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मायापुर फार्म हाउस पर अंतिम संस्कार किया गया। चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए मथुरा की टीम से संपर्क किया गया था, टीम ने बताया कि वह अभी लखनऊ साइड में बंदर पकड़ रहे हैं। दो-तीन दिन बाद जब वह मथुरा वापस आएंगे तो फिर संपर्क करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications