2 फीट 3 इंच के अजीम मंसूरी ने की सगाई, दुल्हन की फोटो आई सामने
शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कैराना में रहने वाले दो फीट तीन इंच के अजीम मंसूरी को आखिरकार उनकी हमसफर मिल ही गई। अजीम की शादी हापुड़ की रहने वाली बुशरा से तय हो गई है। बुशरा की कद काठी भी अजीम जैसी ही है। दोनों परिवारों की ओर से रिश्ते को मंजूरी मिल गई है। अजीम ने हापुड़ पहुंचकर बुशरा को एक सोने की अंगूठी और 2100 रुपए सगुन के तौर पर दिए। वहीं, बुशरा के परिजनों ने भी अजीम को एक सोने की अंगूठी और 3100 रुपए देकर रिश्ता पक्का कर लिया।
Recommended Video

पुलिस से लगाई थी शादी करवाने की गुहार
कैराना के रहने वाले दो फीट तीन इंच के अजीम मंसूरी अपनी हाइट की वजह से शादी न होने से परेशान थे। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से शादी करने की गुहार लगवाई थी। इसके बाद वे सोशल मीडिया पर फेमस हो गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अजीम मंसूरी के लिए रिश्तों की लाइन लग गई। हापुड़ के मजीदपुरा से सभासद हाजी अय्यूब और अजीम के रिश्तेदार शहीद मंसूरी ने अजीम और बुशरा का रिश्ता तय करवाया है।

अजीम ने हापुड़ की बुशरा से की सगाई
दरअसल, हाजी अय्यूब ने अजीम मंसूरी का वीडियो सोशल मीडिया पर देखा था। इसके बाद अपने मोहल्ले की रहने वाली बुशरा से अजीम की शादी तय करवाने के बारे में सोचा। हाजी अय्यूब ने अपने प्रॉपर्टी बिजनेस के पार्टनर शहीद मंसूरी से संपर्क किया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच मुलाकात हुई। बुशरा के परिवार वाले कैराना पहुंचे और अजीम से बातचीत की। फोटो देखकर अजीम ने शादी के लिए हामी भर दी। उसके बाद अजीम शगुन लेकर हापुड़ पहुंचे और बुशरा से सगाई की।

तीन फीट की हैं बुशरा, पढ़ाई पूरी होते ही हो जाएगा निकाह
बता दें, 20 वर्षीय बुशरा इस समय बीकॉम फर्स्ट ईयर में हैं। बुशरा की हाइट 3 फीट है। पढ़ाई पूरी होते ही बुशरा और अजीम का निकाह हो जाएगा। कम हाइट की वजह से अजीम मंसूरी की शादी नहीं हो पा रही थी, लेकिन अब उनका ये सपना जरूर पूरा हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications