छात्राओं के शोषण के आरोप में स्वामी चिन्मयानंद पर FIR दर्ज, तीन दिन से लापता है वीडियो शेयर करने वाली छात्रा
शाहजहांपुर। एसएस लॉ कॉलेज की एक छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता है। सोमवार को छात्रा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने रो-रोकर कॉलेज प्रबंधक पर कई छात्राओं के शोषण सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। छात्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई थी। बता दें, यह कॉलेज पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद का है। परिजनों ने स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले में डीजीपी ओपी सिंह ने संज्ञान लेते हुए तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को जल्द ही खोज लिया जाएगा।

'कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है 'संत' बना प्रबंधक'
एसएस लॉ कॉलेज में एलएलएम की छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कॉलेज के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम और पीएम से मदद की गुहार लगाई। साथ ही ये बताया कि आरोपी प्रबंधक धमकी देता है कि डीएम और सभी अधिकारी हमारी जेब में रहते है इसलिए उसका कुछ नहीं हो सकता है। उसने बताया कि संत बना हुआ प्रबंधक कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद कर चुका है। उसके सारे एविडेंस हमारे पास हैं। उसकी जान को खतरा है, इसलिए वह सीएम और पीएम से मदद की गुहार लगा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा का फोन बंद
वीडियो सामने आने के बाद छात्रा का फोन बंद हो गया है। परिजनों ने छात्रा से संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। छात्रा की मां ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन बेटी ने कहा था कि अगर उसका मोबाइल एक या दो दिन के लिए बंद हो जाए तो समझ लेना वह बहुत बड़ी मुसीबत में है। परिजनों का आरोप है कि उसकी बेटी को कहीं गायब कर दिया गया है। आशंका जताई है कि उसके साथ कुछ गलत किया गया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।

स्वामी चिन्मयानंद ने ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
छात्रा का वीडियो सामने आने के बाद स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। उन्होंने पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज करवाया है। उनका आरोप है कि उन्हें रुपए न देने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक, इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

डीजीपी ने दिए मुकदमा दर्ज करने के आदेश
मामले में डीजीपी ओपी सिंह ने संज्ञान लेते हुए तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित छात्रा के पिता को सुरक्षा देने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय मिलेगा। एसएसपी इस मामले की जांच कर रहे हैं। पीड़िता को जल्द ही उसे खोज लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications