शाहजहांपुर में सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर डबल मर्डर, गुस्साई भीड़ ने होमगार्ड को पीटा
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में पुरानी रंजिश के चलते दोहरे हत्याकांड से इलाके मे सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करके दो युवकों को मौत के घाट उतार दिया जबकि एक राहगीर के गोली लगने से घायल हो गया। घटना पुलिस पिकेट से चंद कदमों की दूरी पर घटी। घटनास्थल से चंद कदम की दूरी पर नुमाइश भी लगी है जिसमें सैंकड़ों की तादाद में लोग अपने परिवारों के साथ आए थे। फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। तभी वहां से एक होमगार्ड थाने जा रहा था। गुस्साई भीड़ ने होमगार्ड को पीट दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल मे भर्ती कराया। जहां दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। डाक्टरों ने घायल का इलाज शुरू कर दिया है। पुलिस ने मोके से एक आरोपी को मय तमंचे के गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

सदर बाजार की घटना
घटना थाना सदर बाजार के खिरनीबाग के पास की है। थाना रौजा के ग्राम जमालपुर निवासी 33 वर्षीय ज्ञानदेव पुत्र राधेराम का गांव के ही रहने वाले संजीव गुप्ता से पुरानी रंजिश चल रही थी। ज्ञानदेव खिरनीबाग चौराहे के पास से गुजर रहा था। तभी वहां पर बाइक से संजीव गुप्ता अपने साथियों के साथ आ गया। उसने ज्ञानदेव पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी लेकिन ज्ञानदेव के गोली नहीं लगी। गोली वहां पर टहलने आए रिजवान के लग गई। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

भीड़भाड़ वाली जगह पर मर्डर
उसके बाद बदमाशों ने गोली चलाई तो वहां से गुजर रहे राहगीर सोनू को लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके बाद ज्ञानदेव ने भागने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे घेर लिया। उसके बाद उसके उपर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। ज्ञानदेव के शरीर मे कई गोलियाँ मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के वक्त मौके पर भारी भीड़भाड़ थी। यही कारण था कि वहां पर भगदड़ मच गई। उसके बाद दो युवकों की लाशें बीच रोड पर पड़ी थी और एक घायल युवक दर्द से कराह रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके पर से फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को मय तमंचा गिरफ्तार कर लिया जिससे पूछताछ की जा रही है।

पुरानी रंजिश में मर्डर
मृतक ज्ञानदेव के परिजनों के मुताबिक, वह 15 दिन पहले ही जेल से छूट कर आया था। उसके उपर भी जान से मारने की धारा मे मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उसका गांव में रहने वाले सियाराम से एक साल पहले विवाद हो गया था। उस घटना के बाद ज्ञानदेव जेल गया था। उसके बाद वही रंजिश चल रही थी। उसी रंजिश के चलते रात मे ज्ञानदेव पर हमला किया गया है। परिजनों ने हत्या का सीधा आरोप सियाराम के परिवार पर लगाया है।

पुलिस ने यह कहा
एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी का कहना है कि ज्ञानदेव और संजीव गुप्ता के बीत पुरानी रंजिश चल रही थी। रात मे संजीव गुप्ता ने फायरिंग की है। जिसमे दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि एक राहगीर घायल हो गया है। घटना के बाद मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications