अखिलेश बोले 'ईज ऑफ डूइंग क्राइम में यूपी नंबर वन', मायावती ने कहा- योगी सरकार के दावे की खुली पोल
शाहजहांपुर, 18 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर के स्थानीय अदालत में हुई वकील की हत्या पर विरोधी दलों के नेताओं ने योगी सरकार को निशाने पर लिया है। घटना सोमवार को कोर्ट के एसीजेएम ऑफिस में हुई जहां वकील भूपेंद्र सिंह की लाश जमीन पर पड़ी थी। वहां एक तमंचा भी मिला। वकील के सिर के पिछले हिस्से में गोली लगी थी। ऑफिस में उस वक्त कोई नहीं था जब वकील वहां गए थे। कोर्ट परिसर में तमंचा लेकर घुसने और हत्या कर भाग निकलने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। वकीलों ने विरोध में प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी वकील सुरेश गुप्ता को चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। इस घटना पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा है।

यूपी में एनकाउंटर सरकार का झूठा प्रचार: अखिलेश
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार को एनकाउंटर सरकार कहा। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में अदालत में ही वकील की सरेआम हत्या ने एनकाउंटर सरकार के झूठे प्रचार का सच जनता के सामने लाकर रख दिया है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश ईज ऑफ डूइंग क्राइम में नंबर वन हो गया है। दरअसल योगी सरकार नियमों को आसान बनाकर यह दावा करती रही है कि यूपी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश में दूसरे नंबर का राज्य बन गया है। सरकार अपराध के आंकड़ों में गिरावट होने का दावा करती रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विरोधी दल योगी सरकार के दावों पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

योगी सरकार के दावों की खुली पोल: मायावती
शाहजहांपुर की घटना पर टिप्पणी करते हुए बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने कहा कि कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े हुई हत्या अतिदुखद और शर्मनाक है। कहा कि यह घटना भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति और इस पर किए गए दावों की पोल खोलती है। मायावती ने सवाल उठाते हुए पूछा कि उत्तर प्रदेश में आज सुरक्षित कौन है? साथ ही उन्होंने योगी सरकार से अपील की कि वो इस ओर समुचित ध्यान दें। इस घटना पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्विटर पर लिखते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा।

प्रियंका ने कहा- लोकतंत्र के स्तंभ पर हुआ हमला
वकील की हत्या पर योगी सरकार को घेरते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कानून और न्यायिक कार्य से जुड़े लोग लोकतंत्र के अभिन्न स्तंभ हैं। अदालत परिसर में दिनदहाड़े एक वकील की निर्मम हत्या ने फिर से यह याद दिलाया है कि आज के उत्तर प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। महिलाएं असुरक्षित हैं, किसान असुरक्षित हैं और अब वकील भी सुरक्षित नहीं हैं। शाहजहांपुर का मामला तूल पकड़ने लगा तो ऐसे में पुलिस ने भी जांच की कार्रवाई में तेजी दिखाई। चंद घंटों में ही पुलिस को सफलता हाथ लगी और हत्यारोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि आरोपी वकील ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications