MP News: सिकल सेल एनीमिया को खत्म करने के लिए अभियान की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, 1 जुलाई को आएंगे शहडोल
PM Modi Visit Big Update: मध्यप्रदेश के शहडोल में 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का होने वाला कार्यक्रम बारिश की वजह से स्थगित हो गया है। अब प्रधानमंत्री मोदी यहां एक जुलाई को पहुंचेंगे और सिकल सेल एनीमिया के खात्मे को लेकर एक बड़े अभियान की शुरुआत करेंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि भारी बारिश की संभावना के कारण पीएम मोदी का लालपुर और पकरिया का कार्यक्रम स्थगित किया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी का शहडोल मैं कार्यक्रम अब एक जुलाई को होगा। इसके साथ ही उनका भोपाल का दौरा यथावत ही है। 27 जून को प्रधानमंत्री मोदी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी का शहडोल दौरा स्थगित होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चैहान ने शहडोल का नया कार्यक्रम जारी किया है। पीएमओ की ओर से दूसरा समय कंफर्म होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज ने कार्यक्रम की जानकारी दी है। जानकारी अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जुलाई 2023 को दोपहर तीन बजे शहडोल जिले के लालपुर और पकरिया में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शहडोल में प्रधानमंत्री मोदी सिकल सेल के खात्मे को लेकर एक बड़े अभियान को प्रारंभ करेंगे।

बता दें, शहडोल में प्रधानमंत्री मोदी के जोरदार स्वागत और भोज की तैयारी हो गई थी। उन्हें यहां वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस समारोह में शामिल होना था। वे लालपुर मैदान से कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे। प्रधानमंत्री मोदी यहीं से योजनाओं में हितग्राही को लाभ वितरण और 17 राज्यों के लिए सिकलसेल एनीमिया मिशन का शुभारंभ भी करने वाले थे।भोज के लिए राज्य सरकार ने उनका मेन्यू तैयार कर लिया था। इस मैन्यू के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी को पेय पदार्थ के लिए रोजलेट्टा अमरूद का शरबत, बेल शरबत,आम का पना दिया जाना था, इसके अलावा मैन्यू में कोदो भात, ज्वार मक्के की रोटी,कुटकी खीर,इंद्रहर की कढ़ी, कमल ककड़ी की सब्जी, हल्दी का अचार और महुआ के व्यंजन में खीर या लड्डू को शामिल किया गया था। सारे पकवान चूल्हे पर ही बनना था।
बताते चलें कि पीएम नरेंद्र मोदी सुबह 8.35 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे और 9.50 बजे भोपाल एयरपोर्ट आएंगे। यहां से वे 10.15 बजे भोपाल एयरपोर्ट से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। 10.30 बजे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के लिए रवाना होंगे। 11 बजे तक रानी कमलापति स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। 11.05 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड स्टेडियम के लिए प्रधानमंत्री मोदी रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11.15 से 12.15 तक मेरा बूथ सबसे मजबूत भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। 12.30 बजे भोपाल की लाल परेड ग्राउंड से हवाई मार्ग से भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 12.55 बजे भोपाल से जबलपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।












Click it and Unblock the Notifications