Satna News: PM आवास की मजदूरी के भुगतान के लिए रिश्वत ले रहा था रोजगार सहायक, लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा
Satna News : सतना जिले के रामनगर जनपद के 1 ग्राम रोजगार सहायक को घूस लेते लोकायुक्त रीवा की टीम ने रंगे हाथों बीच बाजार पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

हरदुआ ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक भाई लाल साहू को लोकायुक्त रीवा की टीम ने 28 अक्टूबर की दोपहर रामनगर बीच चौराहे में घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी जीआरएस भाई लाल ने मनवार गांव का निवासी महेंद्र कुमार तिवारी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि में से मजदूरी भुगतान की राशि के एवज में घूस मांगी थी। 28 अक्टूबर को रामनगर बीच बाजार के पास ग्राम रोजगार सहायक को 4000 रुपए रिश्वत लेते लोकायुक्त की टीम ने गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि महेंद्र तिवारी मनवार गांव का मीटर रीडर है। उसे प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था,उसी के लिए मजदूरी की राशि के भुगतान की मांग उसने रोजगार सहायक से की थी। जीआरएस ने राशि भुगतान के लिए हितग्राही से 4000 रुपए की घूस मांगी थी। उसने इसकी शिकायत लोकायुक्त रीवा में कर दी थी। शिकायत के आधार के बाद डीएसपी प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में लोकायुक्त टीम रामनगर आ पहुंची।
जीआरएस ने हितग्राही को घूस की रकम लेने के लिए रामनगर के बीच बाजार पर बुलाया था। जैसे ही उसने रकम ली, ट्रैप दल ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप टीम में इंस्पेक्टर जियाउल हक,पवन पांडेय, आरक्षक विजय पांडेय, शिवेंद्र मिश्रा हेड कांस्टेबल मुकेश मिश्रा, सुभाष पांडेय और शाहिद खान समेत 15 सदस्य शामिल रहे।
रिश्वतखोर रोजगार सहायक को गिरफ्तार करने के बाद लोकायुक्त टीम उसे रामनगर रेस्ट हाउस ले गई। यहीं कर्मचारियों ने अन्य औपचारिकताएं पूरी की।
बताते चलें कि 27 अक्टूबर को ही प्रदेश के मुखिया शिवराज ने प्रधानमंत्री आवास में घूस लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश अफसरों की वर्चुअल मीटिंग में दिए थे। इस दौरान सतना के रहिकवारा में प्रधानमंत्री आवासों की चोरी का मामला भी उठा था जिसके बाद मुख्यमंत्री ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और सीईओ को ऐसे लोगों पर सख्त एक्शन लेने को कहा था। मुख्यमंत्री के निर्देश के 24 घंटे के अंदर ही 1 रिश्वतखोर पकड़ा गया।












Click it and Unblock the Notifications