Satna News : मंत्री रामखेलावन पटेल का अस्पताल और जेल का दौरा विवादों में, अपराधियों से की मुलाकात
Satna news : मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। दरअसल 20 साल पहले हुए बहुचर्चित रामनगर गोलीकांड का बीते दिन यानी बुधवार को फैसला आया, जिसमें 48 आरोपियों को कोर्ट ने 7-7 साल की सजा सुनाई। सभी आरोपी सतना सेंट्रल जेल में बंदी हैं। 3 नवंबर को अचानक इन बंदियों से मिलने राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल सतना सेंट्रल जेल पहुंच गए, इसके साथ ही मंत्री इसी मामले के बंदी व बीजेपी नेता से मिलने जिला अस्पताल भी पहुंचे। उसके बाद सिविल सर्जन के ऑफिस में जाकर सीएस से काफी देर बातचीत भी की। हालांकि बाद में उन्होने कहा कि वो अस्पताल के रिनोवेशन के बाद वहां का जायज़ा लेने आए थे।

जानिए क्या है पूरा मामला
रामनगर गोलीकांड का फैसला आया है जिसमें 48 आरोपियों को कोर्ट ने 7-7 साल की जेल की सजा सुनाई है। इनमें ज्यादातर बीजेपी नेता हैं। फैसले के बाद कोर्ट ने सभी दोषियों को सेंटर जेल भेज दिया, लेकिन प्रकरण में मुख्य दोषी बीजेपी नेता अरुण द्विवेदी मेडिकल ग्राउंड के आधार पर जेल ना जाकर डिस्टिक हॉस्पिटल में एडमिट हो गए। उन्हीं से मिलने के लिए मंत्री रामखेलावन पटेल गुरुवार को सतना जिला अस्पताल आए थे। बात इतनी ही नहीं है, मंत्री जी सभी बंदियों से मिलने के लिए सतना सेंट्रल जेल भी गए थे। इस मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में उबाल आ गया है। हालांकि बाद में उन्होने कहा कि जिला अस्पताल के नवीनीकरण के बाद वो वहां स्थिति को देखने आए थे।

4 महिलाओं सहित 48 आरोपियों को दोषी
ये मामला 20 साल पहले 30 अगस्त 2002 का है। उस समय रामनगर निवासी महेश कोल ने फांसी लगाकर सुसाइड कर ली थी। लेकिन तीन दिन तक शव का पीएम नहीं हुआ था। इससे गुस्साए नगर वासियों ने सतना जिले में थाने का घेराव किया। वहां आगजनी की, वाहनों में तोड़फोड़ और फायरिंग भी हुई। इस दौरान इसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी और 12 लोग घायल हुए थे। इस घटना में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुमार तिर्की ने 211 पेज में फैसला लिखा और फैसले के मुताबिक 4 महिलाओं सहित 48 आरोपियों को दोषी करार दिया है। सभी को 7-7 की जेल की सजा और 4000-4000 हजार का जुर्माना लगाया गया है।

जेल में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली
गुरुवार सुबह प्रदेश के राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल बंदियों से मुलाकात करने केंद्रीय जेल सतना पहुंच गए। उनके साथ रामनगर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रामसुशील पटेल व कई अन्य समर्थक भी थे। काफी समय तक जेल के अंदर रहे राज्य मंत्री पटेल जब बाहर निकले तो उन्होंने अपने इस दौरे को जेल का सामान्य दौरा बता दिया। रामखेलावन पटेल का कहना था कि वे भी 15 माह जेल में रहे हैं, इसलिए वे दौरा करने जेल आ जाते हैं। हालांकि इसके पहले वे एक ही बार आए थे। इस बार भी उन्होंने कलेक्टर एवं जेल अधीक्षक को सूचना दी और निरीक्षण करने आ पहुंचे। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यवस्थाएं देखीं और जेल में बंद बंदियों कैदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

कांग्रेस ने लगाए आरोप
अतुल सिंह कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राज्य मंत्री ने जेल का निरीक्षण उल्लंघन और अपने पद का दुरुपयोग किया है। महज 24 घंटों के अंदर रामनगर कांड के अभियुक्तों से मिलने उनका अस्पताल और जेल का निरीक्षण करना यह स्पष्ट करता है कि बीजेपी और प्रदेश की सरकार किस तरह आरोपियों के साथ है और उनकी दृष्टि में कानून का कितना सम्मान है।












Click it and Unblock the Notifications