Liquor Ban: सतना के इस गांव में शराब परोसी तो देना पड़ेगा जुर्माना, होगा परिवारों का सामाजिक बहिष्कार
Liquor Ban: गांव में सुख-शांति बनी रहे इसके लिए ग्राम पंचायत के लोगों ने गांव में एक आम बैठक बुलाई। बैठक में सभी वर्ग के लोग शामिल हुए। बैठक में गांव को नशा मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है।

Liquor Ban: मध्यप्रदेश में इन दिनों नशाबंदी और शराबबंदी का मुद्दा जोरों पर है। इसी बीच सतना जिले का यह गांव मिसाल बनकर सामने आया है। बड़ा इटमा गांव के लोगों ने शराब के खिलाफ अनोखी मुहिम शुरू की है।
बड़ा इटमा ग्राम पंचायत में यह फैसला हुआ है कि गांव में ना तो कोई शराब पियेगा और ना ही शराब बेचेगा। अगर ऐसा करता कोई पाया गया। तो उस पर बड़ा जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार करने की भी बात कही है। ग्रामीणों ने शराब बंदी को लेकर बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है।

बड़ा इटमा के ग्रामीणों ने 21 अप्रैल को अंबेडकर बस्ती में आम सभा आयोजित कर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत शराबबंदी करने का फैसला लिया है। सरपंच प्रतिनिधि सुभाष पांडे की मानें तो पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत अवैध शराब बिक्री जोरों पर है। गांव के हर मोहल्ले में शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। जिसके चलते समाज के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। जिससे कई प्रकार के घरेलू हिंसा और अपराधों को बल मिल रहा है।

पंचायत के लोगों ने समाज में बढ़ रही इस कुरीतियों को समाप्त करने के लिए फैसला किया है। कि पंचायत के ग्रामों में जो कोई भी शराब बेचेगा, बनाएगा या पिएगा उसके लिए जुर्माने की राशि तय कर दी गई है। जिसमें शराब बेचने पर 10 हजार जुर्माना राशि तय की गई है। साथ ही सामाजिक रूप से गांव से बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने पंचायत में जो फैसला लिया है, उसकी सूचना रामनगर थाना टीआई एवं अन्य जिम्मेदार विभागों को दिए जाने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications