MP News: रेलवे और बिजली विभाग की ठुकरा दी थी नौकरी, चंद्रयान-3 में निभाई अहम भूमिका, ये है ओम पांडे की कहानी
Chandrayaan 3:
Chandrayaan 3: भारत को चांद पर सफलता मिल गई है। चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर उतर कर इतिहास रच दिया है। इस सफलता से पूरे भारत का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। भारत को मिले अद्भुत और ऐतिहासिक पलों में सतना के युवा वैज्ञानिक का भी अहम योगदान है। सतना जिले के ग्राम करसरा निवासी ओम पांडे पिछले 6 माह से इस अभियान से जुड़े हैं।
ओम पांडे सतना के युवा वैज्ञानिक हैं, उनकी टीम ने चंद्रयान-3 के मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ओम उस टीम का हिस्सा हैं जो चंद्रयान की अंतरिक्ष कक्षा और प्रक्षेपक की देखरेख करने के लिए जिम्मेदार थी। ओम पांडे चंद्रमा पर लैंडर उतारने की प्रक्रिया में भी शामिल रहे हैं। 2018 में ओम पांडे एक वैज्ञानिक के रूप में इसरो में शामिल हुए।

परिवार का कहना है कि ओम पांडे हमेशा से भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में योगदान देना चाहते थे। वह लगभग 5 सालों से इसरो में हैं। इन दिनों वह मॉरीशस के इसरो मॉनिटरिंग सेंटर में तैनात है। ओम चंद्रयान-2 मिशन का भी हिस्सा रह चुके हैं।
ओम पांडे जिले सतना जिले के छोटे से गांव करसरा के रहने वाले हैं। वे बचपन से ही बड़े होनहार थे, इनके पिता टीचर थे जो अब रिटायर हो चुके हैं। ओम पांडे का परिवार काफी छोटा है। इनका एक भाई है जो खेती-बाड़ी का काम करता है। इन्होंने करसरा गांव के कल्याण टोला से कक्षा पांचवी तक पढ़ाई पूरी की। इसके बाद इटोरा प्राइवेट स्कूल से कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई की और इसके बाद सतना शहर के वेंकट क्रमांक-1 से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद इन्होंने इंदौर के डीएवी कॉलेज से बीटेक किया और कानपुर यूनिवर्सिटी एमटेक की पढ़ाई की।
इसके बाद वे उज्जैन के एक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर ज्वाइन किया। इसके बाद इन्होंने कुछ दिनों तक पीसीएस की तैयारी भी की लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से सफलता नहीं मिली।ओम के परिवार वाले बताते हैं कि बचपन से ही इनकी तमन्ना इसरो में जाने की थी, अपनी इस तमन्ना को पूरा करने के लिए ओम ने रेलवे और बिजली विभाग की नौकरी के अवसर को भी ठुकरा दिया।
ओम की उपलब्धि पर परिवार और गांव वाले सभी खुश हैं। उनके बड़े भाई सूर्य प्रकाश पांडे ने कहा कि मेरे छोटे भाई ओम पांडे पर पूरे गांव को गर्व है। आंखों में खुशी के आंसू लिए मां कुसुम पांडे कहने लगीं कि बेटा कोई परेशानी नहीं होने देता।












Click it and Unblock the Notifications