UP News: बच्चा चुराने वाली शातिर महिला का कारनामा सुनकर दंग रह जाएंगे आप, GRP ने पकड़ा तो खुला राज
UP News: बिहार की रहने वाली एक महिला को चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से पुलिस ने अपहृत बच्चा भी बरामद किया है, जो दीनदयाल नगर रेलवे स्टेशन से 4 सितंबर को चोरी किया गया था। महिला से पूछताछ करने के साथ ही जीआरपी द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
प्राथमिक पूछताछ और जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि महिला बच्चों को बेचने की नीयत से चोरी करती थी। इसके पहले भी महिला द्वारा इस तरीके की घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। यह भी पता चला है कि डीडीयू रेलवे स्टेशन पर महिला ने बच्चे की मां को कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दिया था। उसके बाद वह बच्चे को चुराकर फरार हो गई थी। जीआरपी के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सीआरपी टीम ने आरोपी महिला को मझवार रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।

दरअसल, बीते 4 सितंबर को चंदौली जनपद के डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन से एक बच्चे की चोरी हो गई थी। इस मामले में गायब बच्चे की मां द्वारा बच्चा चोरी को लेकर जीआरपी से शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जीआरपी की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर जीआरपी ने बच्चा चोरी करने वाली महिला को मझवार रेलवे स्टेशन के पास से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
बच्चा चोरी करने वाली महिला कविता देवी बिहार के रफीगंज की रहने वाली बताई जा रही है। महिला को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम ने उसके पास से चोरी किए गए बच्चे को भी बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि यात्रा के दौरान बच्चे की मां से उसने मेलजोल बढ़ाई। उसके बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दिया।
नशीली दवा मिली कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद बच्चे की मां बेहोश हो गई, उसके बाद वह बच्चा चोरी करके वहां से फरार हो गई थी। जीआरपी टीम द्वारा पकड़ी गई बच्चा चोर के गिरोह के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है। पुलिस की पूछताछ में उसने यह भी बताया कि उसके गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं।
इस बारे में जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह द्वारा मीडिया को बताया गया कि डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन से बच्चे को चोरी करने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी हुए बच्चे को भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि चोरी किए गए बच्चे को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इसके अलावा पकड़ी गई बच्चा चोर महिला से पूछताछ की जा रही है। उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को भी पकड़ने का प्रयास जारी है।












Click it and Unblock the Notifications