Bhadohi News: पूर्व विधायक विजय मिश्रा पर सरकार का शिकंजा, कुर्क होगी करोड़ों की संपत्ति
Bhadohi के पूर्व विधायक विजय मिश्रा के बेटे बहू और समधी के नाम से मिर्जापुर में खरीदी गई भूमि को जिलाधिकारी भदोही ने कुर्क करने का आदेश जारी किया है, विजय मिश्रा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Bhadohi के पूर्व विधायक विजय मिश्रा और उनके करीबियों के खिलाफ सरकार द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। विजय मिश्रा और उनसे जुड़े लोगों की अवैध संपत्तियों को लगातार पुलिस प्रशासन द्वारा कुर्क किया जा रहा है। इसी कड़ी में मिर्जापुर में विजय मिश्रा के बहू बेटे और उनके समधी के नाम पर खरीदी गई 6.6260 हेक्टेयर भूमि को कुर्क करने का आदेश जिलाधिकारी भदोही गौरांग राठी द्वारा दिया गया है।

10 करोड़ से अधिक की है भूमि
बताया जा रहा है कि जिस भूमि को जिलाधिकारी भदोही गौरांग राठी द्वारा कुर्क करने का आदेश दिया गया है वह भूमि अपराध से अर्जित किए गए धन का इस्तेमाल करते हुए निर्धारित मूल्य से काफी कम रुपए में खरीदी गई थी। यह भूमि मिर्जापुर के लालगंज क्षेत्र के भूंसी पथरहा इलाके में है, जिसे विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा, बहू रूपा मिश्रा और उनके समधी रमेश चंद्र मिश्रा के नाम पर खरीदी गई थी। इस भूमि की कीमत 109271000 रुपए बताई जा रही है। इस बारे में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक भदोही द्वारा वीडियो जारी करते हुए विस्तृत रूप से जानकारी भी दी गई।
विजय मिश्रा के खिलाफ 83 मुकदमे हैं पंजीकृत
एसपी भदोही डॉक्टर अनिल कुमार द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार, मारपीट, संपत्ति हड़पने, जालसाजी, रंगदारी सहित गंभीर अपराधों के कुल 83 मुकदमे दर्ज हैं। यह भी बता दें कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा वर्तमान में केंद्रीय कारागार आगरा में सजा काट रहे हैं।
10 करोड़ 65 लाख की भूमि हुई थी कुर्क
यह भी बता दें कि पूर्व विधायक विजय मिश्रा के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अभी कुछ दिन पूर्व प्रयागराज के मेजा तहसील अंतर्गत मौजा चांद में पूर्व विधायक विजय मिश्रा के भतीजा सतीश मिश्र, आशीष मिश्रा,राहुल मिश्रा, अमित मिश्रा और भाभी दुर्गेश देवी के नाम से खरीदी गई अवैध संपत्ति को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पूर्व किया गया था। उक्त भूमि की कीमत 10 करोड़ 65 लाख रुपए बताई गई थी। भूमि को कुर्क करने के बाद वहां पर कार्रवाई से संबंधित बोर्ड भी लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications