Bhadohi News: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को सिरफिरे युवक ने पीटा, एक की मौत, पुलिस पर भी किया हमला
Bhadohi News: यूपी के भदोही में एक सिरफिरे युवक ने बुधवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जमकर पिटाई से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी हमला बोल दिया।
पुलिसकर्मी सिरफिरे युवक से किसी तरह जान बचाकर भागे इसके बाद फिर सिरफिरे युवक ने पुलिस की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। बाद में गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने किसी तरह उसे पकड़ा उसके बाद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। पकड़ा गया युवक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।

भदोही कोतवाली के उपरौठ गांव की रहने वाली 48 वर्षीय कलावती देवी पत्नी राजकुमार रोज की भांति बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। उनके साथ उनके पड़ोस की रहने वाली श्याम दुलारी, अमृता देवी और रेनू देवी भी टहल रहीं थी।
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं टहलने के बाद अपने घर वापस लौट रही थी इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और महिलाओं के ऊपर हमला बोल दिया। युवक ने लाठी डंडे से बुरी तरह महिलाओं को पीटना शुरू किया और एट पत्थर से भी महिलाओं पर हमला कर दिया।
शोर सुनकर गांव वाले जब तक उसके पास पहुंचे तब तक वह कलावती देवी को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लोग वहां पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। बताया जा रहा है कि भागते हुए वह कोतवाली में पहुंच गया और पुलिस कर्मियों पर भी हमला बोल दिया जिससे पुलिसकर्मी वहां से भाग निकले। उसके बाद उसने पुलिस के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
कोतवाली से निकलकर भी वह भाग रहा था इस दौरान नरथुआ गांव के रहने हीरा बिना नामक व्यक्ति ने हिम्मत कर उसे पकड़ लिया। पकड़ने के बाद उसके हाथ पैर को रस्सी से बांधकर किसी तरह उसे काबू में किया गया। इस दौरान लोगों ने उसे जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया।
दूसरी तरफ घायल कलावती देवी को उनके परिवार वाले औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में पहुंचने पर चिकित्सकों ने कलावती देवी को मृत घोषित कर दिया। कलावती देवी की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसर गया।
पुलिस द्वारा बताया गया कि पकड़े गए युवक के पास से आधार कार्ड मिला है जिसमें उसकी पहचान राजकुमार राय पुत्र रामकृत निवासी सीतामढ़ी बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके साथ उसकी पत्नी किरण कुमारी और एक नवजात शिशु भी है। पकड़े गए युवक के खिलाफ कलावती देवी के बेटे राकेश कुमार यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications