Sant Kabir Nagar: ग्राम प्रधान की पीट-पीट कर हत्या, ग्रामीणों में आक्रोश
Sant Kabir Nagar News: यूपी के संत कबीर नगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे लेकर पूरे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गयी है। यहां कुछ मनबढ़ों द्वारा खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव के ग्राम प्रधान की पीट- पीट कर हत्या कर दी गयी है। प्रधान की मौत के बाद से ही ग्राीमीण आक्रोशित हैं। पुलिस किसी तरह इन्हे शांत कराने का काम कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद ब्लाक के ग्राम पंचायत नौहट के प्रधान कौशल चौधरी की गुरुवार देर शाम कुछ अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गयी। मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। पोस्टमार्टम हाउस पर शव रख हंगामा करने लगे।

सूचना मिलने पर कोतवाली खलीलाबाद, कलेक्ट्रेट चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं एएसपी संतोष कुमार सिंह मामले को शांत करने का प्रयास करने लगे। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं प्रधान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि यदि हत्यारे जल्द गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजे गए तो उनका संगठन वृहद आंदोलन करने के लिए विवश होगा। करीब तीन माह पहले भूमि विवाद को लेकर प्रधान व इनके विपक्षी के बीच विवाद हुआ था। इसको लेकर प्रधान पक्ष के लोगों ने विपक्ष के कुछ लोगों को मारा-पीटा था। इसके बाद से तनाव और बढ़ गया था। प्रधान की हत्या को इसकी प्रमुख वजह बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications